पंजाब: 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 आरोपी गिरफ्तार
मोगा, 16 मई (आईएएनएस)। नशा-विरोधी अभियान 'युद्ध नशियां विरुद्ध' और 'पिंडां दे पहरेदार' के तहत मोगा पुलिस ने 9 से 15 मई तक बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 22 मामले दर्ज किए गए और 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने दी।
एसएसपी ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत, 5 घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए गए और पहचाने गए 'नशा हॉटस्पॉट' इलाकों में छापे मारे गए। इन ऑपरेशनों के दौरान, नशीले पदार्थों और अवैध शराब से जुड़े 19 मामले दर्ज किए गए और 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि 203 ग्राम हेरोइन, 382 नशीली गोलियां, 13 किलो 500 ग्राम पोस्त/भुक्की, 18 लीटर लाइसेंसी शराब, 180 लीटर लाहन और 37.500 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। कुल 4 मामले दर्ज किए गए और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 3 उद्घोषित अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया। चोरी से जुड़े एक मामले में, एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 14 हजार रुपएबरामद किए गए।
पुलिस की ओर से जनता से नशा-विरोधी अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करने की अपील की गई। लोगों को नशे के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और समुदाय के सम्मानित सदस्यों के साथ जागरूकता बैठकें और संपर्क कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गांवों और शहरी क्षेत्रों में 42 सेमिनार और जनसभाएं आयोजित कीं, ताकि युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके और नागरिकों को नशा तस्करों के बारे में जानकारी पुलिस के साथ साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके, जिससे समाज से नशे की बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
मोगा पुलिस ने दोहराया कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के खिलाफ यह जंग लगातार जारी है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
