Aapka Rajasthan

पंजाब सरकार ने महिलाओं से किया धोखा, साढ़े चार साल बाद भी पूरा नहीं किया वादाः केवल सिंह ढिल्लों

चंडीगढ़, 1 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब सरकार ने 'मावा धीयां सत्कार योजना’ के तहत बुधवार को महिलाओं के खातों में वित्तीय सहायता राशि जारी करनी शुरू कर दी है। योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार की ओर से यह राशि तीन महीने की एक साथ जारी की जा रही है। इसी को लेकर अब पंजाब की राजनीति भी गर्मा गई है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इसे सरकार की ओर से महिलाओं के साथ धोखा बताया।
 

चंडीगढ़, 1 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब सरकार ने 'मावा धीयां सत्कार योजना’ के तहत बुधवार को महिलाओं के खातों में वित्तीय सहायता राशि जारी करनी शुरू कर दी है। योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार की ओर से यह राशि तीन महीने की एक साथ जारी की जा रही है। इसी को लेकर अब पंजाब की राजनीति भी गर्मा गई है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इसे सरकार की ओर से महिलाओं के साथ धोखा बताया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आखिरी गारंटी पूरी करने की घोषणा पर केवल सिंह ढिल्लों ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह पूरी तरह से महिलाओं के साथ धोखा और चुनावी स्टंट है। पहले दावा किया गया था कि अप्रैल से योजना के लिए पंजीकरण शुरू होगा और अप्रैल, मई व जून तीन महीने की राशि एक साथ महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। लेकिन आज सरकार की ओर से जारी विज्ञापनों में जुलाई, अगस्त और सितंबर की एडवांस राशि देने की बात कही गई है। सितंबर के बाद विधानसभा चुनाव को देखते हुए आचार संहिता लागू हो जाएगी, ऐसे में यह मान सरकार का चुनावी स्टंट है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, आम आदमी पार्टी ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि सरकार बनते ही 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी, लेकिन साढ़े चार साल बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया।"

भाजपा अध्यक्ष ने राज्य में बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में लगातार लंबे बिजली कट लग रहे हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मानसून को लेकर भी सरकार ने पर्याप्त तैयारियां नहीं की हैं।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो महिलाओं से किए गए सभी वादे सरकार बनने के तुरंत बाद पूरे किए जाएंगे, जैसा कि अन्य राज्यों में किया गया है।"

वहीं, पंजाब भापजा ने अपने एक्स पर लिखा, "भाजपा ने जो कहा, वह करके दिखाया। 9 मई 2026 को पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद मात्र 2 महीनों के भीतर ही 1.3 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में हर महीने 3,000 रुपये की सहायता राशि भेजनी शुरू कर दी गई। यह अपने वादों को समय पर पूरा करने की नीयत और प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।"

भाजपा ने आगे कहा, "वहीं, दूसरी ओर, पंजाब में आप सरकार ने महिलाओं से किए गए वादों को केवल आश्वासनों तक ही सीमित रखा। सरकार के साढ़े चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं किया गया। अब चुनाव नज़दीक आते देख 1,000 रुपये प्रति माह देने की घोषणा करना केवल खानापूर्ति जैसा प्रतीत होता है। यदि सरकार वास्तव में अपने वादे के प्रति गंभीर है, तो हर महिला के खाते में पिछले 51 महीनों का पूरा बकाया एकमुश्त जमा कराया जाए। महिलाओं का पूरा हक और उनका बकाया उन्हें मिलना चाहिए।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम