Aapka Rajasthan

पंजाब सरकार की योजनाओं से जनता लाभान्वित, आंदोलन को कांग्रेस हाइजैक कर रही : बलतेज सिंह पन्नू

चंडीगढ़, 24 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता बलतेज सिंह पन्नू ने पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, मान सरकार के कामकाज, प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो संदेश, छात्रों के आंदोलन में कांग्रेस की भूमिका समेत कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर बड़े आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि पंजाब के लोगों का भरोसा मान सरकार पर लगातार बढ़ रहा है।
 

चंडीगढ़, 24 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता बलतेज सिंह पन्नू ने पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, मान सरकार के कामकाज, प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो संदेश, छात्रों के आंदोलन में कांग्रेस की भूमिका समेत कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर बड़े आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि पंजाब के लोगों का भरोसा मान सरकार पर लगातार बढ़ रहा है।

बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की महत्वाकांक्षी 'मावां धीयां सत्कार योजना' के तहत अब तक 72,56,686 महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। जिन लाभार्थियों को पहले चरण में राशि मिल चुकी है और जिन महिलाओं को अब तक भुगतान नहीं मिला है, उनके खातों में 1 अगस्त को राशि भेजी जाएगी। इस योजना में सबसे अधिक पंजीकरण पटियाला जिले में हुआ है, जहां 5,50,035 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। दूसरे स्थान पर अमृतसर है, जहां 5,39,285 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। वहीं, जालंधर तीसरे स्थान पर है, जहां 5,09,707 महिलाओं का पंजीकरण हुआ है।

पन्नू ने कहा कि 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रावधान है और इस योजना के 50 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना में लुधियाना पहले स्थान पर है, जहां 5,36,504 लोगों ने पंजीकरण कराया है। दूसरे स्थान पर पटियाला में 4,52,030 और तीसरे स्थान पर जालंधर में 3,65,366 लोगों ने सेहत कार्ड बनवाए हैं।

पन्नू ने कहा कि आयुष्मान योजना सीमित पात्रता वाले लोगों के लिए है, जबकि पंजाब सरकार ने इस योजना में कोई प्रतिबंध नहीं रखा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के करीब 65 लाख परिवारों में से 50 लाख परिवारों तक यह कार्ड पहुंच चुका है।

प्रधानमंत्री मोदी के हालिया वीडियो संदेश पर पन्नू ने कहा कि उन्हें अपने संबोधन में कहीं भी यह कहते नहीं सुना गया कि कोई गलती हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने उन छात्रों के परिवारों के प्रति भी कोई संवेदना व्यक्त नहीं की, जिनकी मौत का जिक्र विपक्ष कर रहा है। लेकिन, इतना जरूर है कि रात 12 बजे के बाद शायद यह पहली बार हुआ है, जब पीएम मोदी ने वीडियो जारी किया है। इसे लेकर कहा जा सकता है कि 'मोदी है तो मुमकिन है।'

सोनम वांगचुक द्वारा अपनी भूख हड़ताल समाप्त किए जाने पर पन्नू ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक देश की एक महत्वपूर्ण संपत्ति हैं और उनका स्वस्थ रहना जरूरी है। ऐसे व्यक्ति को भूख हड़ताल के कारण किसी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए।

जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और कांग्रेस की सक्रियता पर पन्नू ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रों द्वारा शुरू किया गया है और वही इसे आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस इस आंदोलन का राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। श्रेय लेने के बजाय कांग्रेस को छात्रों की मदद करनी चाहिए। राहुल गांधी लगातार छात्रों को अपने धरने पर आने के लिए कह रहे हैं, जबकि उन्हें जंतर-मंतर जाकर छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए।

पन्नू ने इसे आंदोलन को हाइजैक करने की कोशिश बताया और कहा कि पढ़े-लिखे छात्र अपने अधिकार और जिम्मेदारियां अच्छी तरह समझते हैं।

पूर्व विधायक एवं वाल्मीकि समाज के नेता राजकुमार वाल्मीकि द्वारा मजीठा लाठीचार्ज मामले में डीएसपी और एसएचओ पर एफआईआर की मांग और कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने की चेतावनी पर पन्नू ने कहा कि विपक्ष का पूरा प्रयास छात्रों के आंदोलन से लोगों का ध्यान भटकाने का है। विपक्ष इस उद्देश्य से झूठी अफवाहें फैलाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, उन्होंने वाल्मीकि समाज की मांगों या संभावित कार्रवाई पर अलग से कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम