पंजाब सरकार की खुली पोल, किचलू नगर में पांच दिन में दो बार धंसी सड़कः रवनीत सिंह
लुधियाना, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने लुधियाना शहर में सड़क धंसने पर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को घेरा है। रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि बारिश के मौसम में जगह-जगह सड़कें धंस रही हैं और जलभराव से लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सड़क पर धंसी एक ट्रॉली का फोटो शेयर करते हुए लिखा, "लुधियाना प्रशासन और पंजाब सरकार की पोल खुल गई है। किचलू नगर में पिछले पांच दिनों में दूसरी बार सड़क धंसने से स्थानीय लोगों के घरों तक खतरा पहुंच गया है। अगर बिना भारी बारिश के सड़कों का यह हाल है, तो आने वाले दिनों में क्या होगा? आज टैक्स देने वाली जनता अपने ही घरों में सुरक्षित नहीं है। लोगों के घरों की नींव खतरे में है, फिर भी प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। क्या पंजाब सरकार की कोई जवाबदेही है या लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर ही रहना होगा?"
इससे पहले भी उन्होंने बारिश के बाद बिगड़ी व्यवस्था को लेकर भगवंत सरकार पर तंज कसा था। तीन अगस्त को रवनीत सिंह ने सड़क पर भरे पानी में बाइक सवार के डूबने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, "दिखावा ज्यादा, काम कुछ नहीं।"
रवनीत सिंह ने लिखा, "खोखले दावे: जलालाबाद की सड़कों पर जल-जमाव और गड्ढों ने सरकार के 'बदलाव' के दावे की पोल खोल दी है। विज्ञापनों पर बर्बादी: पंजाब की सड़कों और सीवेज सिस्टम के लिए तय फंड को दूसरे राज्यों में प्रचार अभियानों पर बर्बाद किया जा रहा है। जनता के साथ धोखा: पंजाब के लोगों ने ऐसे 'डूबते पंजाब' के लिए वोट नहीं दिया था। असली विकास की मांग: पंजाब को जमीनी स्तर पर असली विकास की जरूरत है, न कि खोखले वादों की।"
वहीं, उन्होंने 30 जुलाई को सड़क पर हुए गड्ढे में कार फंसने और जलभराव का वीडियो साझा करते हुए एक्स पर लिखा था, "तथाकथित 'स्मार्ट सिटी' लुधियाना की कड़वी सच्चाई। जोरदार बारिश के एक ही दौर ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की भारी नाकामी और खोखले दावों की पोल खोल दी है। सड़कें धंस रही हैं, गलियों में पानी भरा हुआ है और लोगों की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है। क्या हमारे नागरिकों से इसी 'स्मार्ट सिटी' इंफ्रास्ट्रक्चर का वादा किया गया था? लुधियाना के लोग इस खस्ताहाल इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासन की लापरवाही से कहीं बेहतर के हकदार हैं। इसके लिए तुरंत जवाबदेही तय की जानी चाहिए। भगवान सबका भला करे और सब सुरक्षित रहें। सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना है।"
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम
