पंजाब पुलिस में बड़ा फेरबदल, 8 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के एसएसपी बदले
चंडीगढ़, 1 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। राज्य के गृह मामले विभाग (होम-1 शाखा) ने पंजाब के राज्यपाल के आदेश पर 8 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के एसएसपी बदले गए हैं और बॉर्डर रेंज में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, पोस्टिंग का इंतजार कर रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर (एसपीएस:2004) को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें आईजीपी बॉर्डर रेंज, अमृतसर के पद पर नियुक्त किया गया है। वे हरमनबीर सिंह की जगह लेंगे।
वहीं, डीआईजी बॉर्डर रेंज अमृतसर के साथ-साथ कमिश्नर ऑफ पुलिस, अमृतसर का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हरमनबीर सिंह (एसपीएस:2010) को अब पूर्ण रूप से कमिश्नर ऑफ पुलिस, अमृतसर बनाया गया है। माना जा रहा है कि अमृतसर जैसे संवेदनशील जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
तबादला सूची में कई जिलों के एसएसपी भी शामिल हैं। एसएसपी मानसा के पद पर तैनात भागीरथ सिंह मीना (आरआर: 2013) को अब पुलिस मुख्यालय में एआईजी, पर्सनल-1, सीपीओ, पंजाब के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह एसपी मुख्यालय, पटियाला में तैनात वैभव चौधरी (आरआर: 2020) को एसएसपी मानसा बनाया गया है।
इसी तरह पटियाला और मोहाली के एसएसपी आपस में बदले गए हैं। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा (आरआर:2014) को एसएसपी एसएएस नगर (मोहाली) और एसएसपी एसएएस नगर हरमनदीप सिंह हंस (आरआर:2015) को एसएसपी पटियाला नियुक्त किया गया है।
बठिंडा जिले में भी बदलाव किया गया है। एआईजी पर्सनल-1, सीपीओ, पंजाब के पद पर तैनात सुहैल कासिम मीर (आरआर:2017) को एसएसपी बठिंडा बनाया गया है। वे ज्योति यादव की जगह लेंगे। एसएसपी बठिंडा रहीं ज्योति यादव (आरआर:2019) को अब कमांडेंट 82वीं बटालियन, पीएपी, चंडीगढ़ के पद पर नियुक्त किया गया है। वे बलविंदर सिंह, पीपीएस की जगह लेंगी।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक आधार पर किया गया है, ताकि जिलों में कानून-व्यवस्था और बेहतर हो सके। हाल के दिनों में पंजाब में नशा तस्करी और गैंगस्टर गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ऐसे में नए अधिकारियों की तैनाती से इन अभियानों को और गति मिलने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
