पंजाबः नशीला पदार्थ बेचने वालों को रोकने गए तीन लोगों पर धारदार हथियारों से हमला, एक की मौत और दो घायल
गुरदासपुर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। गुरदासपुर जिले के थाना श्री हरगोबिंदपुर के अंतर्गत आने वाले गांव माड़ी पन्नवां में नशीले पदार्थ बेचने वालों को रोकने गए तीन व्यक्तियों पर कथित तौर पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया।
इस हमले में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्तियों को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भाम में पहुंचाया गया था।
डॉ. अभिषेक ने बताया कि निशान सिंह पुत्र अमरजीत सिंह (35), गुरमुख सिंह पुत्र परमजीत सिंह (35) और बिक्रमजीत सिंह पुत्र तरसेम सिंह (40) घायल अवस्था में अस्पताल लाए गए थे। उपचार के दौरान बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हैं।
गांव के सरपंच सुरिंदरपाल सिंह बाजवा ने बताया कि निशान सिंह, गुरमुख सिंह और बिक्रमजीत सिंह कथित तौर पर नशीले पदार्थ बेचने वालों को रोकने के लिए गए थे। इसी दौरान 10 से 15 व्यक्तियों ने तीनों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भाम ले जाया गया, जहां बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई। निशान सिंह और गुरमुख सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सरपंच ने कहा कि घटना की सूचना थाना श्री हरगोबिंदपुर साहिब की पुलिस को दे दी गई है।
थाना श्री हरगोबिंदपुर के एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 13 अक्टूबर को झोटा ने आरोपी के मेडिकल स्टोर से एक व्यक्ति को नशीले कैप्सूल खरीदकर निकलते हुए देखा। उसने वीडियो बनाना शुरू किया, आरोपी से सवाल पूछा और पुलिस को कॉल किया, लेकिन पुलिस नहीं आई। इसी दौरान आरोपी ने गोली चला दी।
इस घटना में परविंदर सिंह झोटा के चार साथी कुलविंदर सिंह, गोबिंद सिंह, बलतेज सिंह और हैप्पी भी घायल हो गए। आरोपी और उसके साथियों ने दिनदहाड़े झोटा को गोलीमार कर हत्या कर दी थी।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम
