पंजाब में एसआईआर सुचारू रूप से जारी, पटियाला सांसद के नाम हटने की खबर बेबुनियाद
चंडीगढ़, 4 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 राज्यभर में सुचारू रूप से जारी है। इसी बीच प्रशासन ने मीडिया से अपील की है कि वे बेबुनियाद खबरें प्रकाशित और प्रसारित करने से बचें।
दरअसल, हाल ही में कुछ मीडिया प्लेटफॉर्मों द्वारा यह खबर प्रकाशित की गई थी कि पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम 13 अगस्त को प्रकाशित हुई ड्राफ्ट मतदाता सूची से गायब हैं।
इस पर स्पष्टीकरण देते हुए बताया गया है कि यह बयान पूरी तरह से गलत, बेबुनियाद और तथ्यों से परे है। डॉ. धर्मवीर गांधी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम 13 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में पूरी तरह से शामिल हैं।
वे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 115-पटियाला, भाग संख्या 98, क्रम संख्या 44 से 48 तक मतदाता के रूप में दर्ज हैं।
परिवार के सदस्यों के विवरण के बारे में बात करे, तो क्रम संख्या 44 पर जगदंबा कौशल जो डॉ. धर्मवीर गांधी की धर्मपत्नी हैं। क्रम संख्या 45 पर कुमारी रोहानी पराशर जो उनकी पुत्री हैं। क्रम संख्या 46 पर श्रीमती चाहत साहूजा जो उनकी पुत्रवधू हैं। क्रम संख्या 47 पर नबेंदू जो उनके पुत्र हैं। क्रम संख्या 48 पर डॉ. धर्मवीर गांधी जो स्वयं पटियाला से सांसद हैं।
प्रशासन ने सभी सम्मानित मीडिया प्रतिनिधियों से विनती की है कि वे एसआईआर 2026 के संबंध में किसी भी प्रकार की बेबुनियाद, भ्रामक या तथ्यहीन सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से बचें और केवल सत्यापित जानकारी ही साझा करें।
बता दें कि इससे पहले 3 सितंबर को राज्यसभा सदस्य राघव चड्डा ने पंजाब सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार अब अपनी बदले की राजनीति को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट तक ले गई है।
राघव चड्डा ने 'एक्स' पर पोस्ट किया था, "मैं पंजाब से राज्यसभा का मौजूदा सदस्य हूं। मेरा वोटर आईडी मोहाली में रजिस्टर्ड है। फिर भी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में मेरे नाम को 'शिफ्टेड' के तौर पर दिखाया गया है। अच्छी बात है कि ये सिर्फ ड्राफ्ट वोटर लिस्ट है, फाइनल वोटर लिस्ट नहीं। 'दावे और आपत्तियां' की प्रक्रिया के दौरान नामों में सुधार किया जाता है, जो अभी चल रही है। फाइनल वोटर लिस्ट अक्टूबर 2026 में प्रकाशित होगी। मैं पहले से ही एसआईआर गाइडलाइंस के तहत मिले उपायों का इस्तेमाल कर रहा हूं।" राघव चड्डा ने कहा था कि ये सिर्फ लिपिकीय गलती जैसा नहीं लगता, बल्कि राजनीतिक बदले का साफ मामला है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
