Aapka Rajasthan

केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, कहा-'पंजाब में कानून-व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं, सीएम दें इस्तीफा'

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भगवंत मान सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरु-पीरों, पैगंबरों, वीरों और खिलाड़ियों के लिए जाना जाता था, लेकिन दुख की बात है कि आज पंजाब चिट्टा और नशे की वजह से जाना जा रहा है।
 

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भगवंत मान सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरु-पीरों, पैगंबरों, वीरों और खिलाड़ियों के लिए जाना जाता था, लेकिन दुख की बात है कि आज पंजाब चिट्टा और नशे की वजह से जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब में कानून-व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं है बल्कि जंगलराज है। मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शायद ही कोई ऐसा दिन होता हो, जिस दिन लोगों की हत्या न होती हो। पंजाब में मुद्दे बहुत हैं लेकिन सबसे बड़ा मुद्दा नशे का है। हमने इसके खिलाफ यात्रा शुरू की थी, जिसकी शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की थी।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चल रहा हमारा अभियान जालंधर में खत्म हुआ, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए थे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि पंजाब से नशा भाजपा ही दूर करेगी और उन्होंने इसकी समय सीमा भी तय की है। पंजाब में सरकार बनने पर हम नशे को जड़ से उखाड़ देंगे।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि नशा, गैंगस्टरवाद, फिरौती समेत तमाम चीजें हमारे प्रदेश के मुद्दे हैं लेकिन सबसे बड़ा मुद्दा नशा है। परमिंदर सिंह झोटा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई तो उसे सरेआम गोली मार दी गई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? हत्या के बाद उनके पिता ने स्थानीय विधायक को जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने कहा कि मैंने तुरंत राज्यपाल को पत्र लिखा। हमें पंजाब की सरकार और पुलिस पर भरोसा नहीं है, इसलिए हमने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। हम पंजाब के जिले-जिले में प्रदर्शन कर रहे हैं। आज ही खबर है कि एक पुलिसकर्मी को बीएसएफ ने 20 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा है। वह वीआईपी काफिले में ड्यूटी करता था।

केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कर्मचारी ही नशा बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन है? खुद मुख्यमंत्री, जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं। इतने लोगों की हत्या हो रही है, गैंगस्टरवाद चल रहा है, कानून-व्यवस्था खराब है। ऐसे में मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ये लोग नशा नहीं रोक पाए लेकिन लोगों की आवाज बंद कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। अमृतसर में एक बैंक मैनेजर को गोली मार दी गई, वहीं आज एक घर में एनकाउंटर किया गया। हर रोज कहीं न कहीं गोलीबारी हो रही है। हालात इतने खराब हैं कि अब तक 6 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि जो पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए होती है, अगर वही सुरक्षित नहीं है तो वह लोगों की सुरक्षा क्या करेगी? 18 सितंबर को अमृतसर में पुलिसकर्मी एएसआई हरजीत सिंह को गोली मारी गई। 26 सितंबर को तरनतारन में सरपंच नवदीप सिंह को गोली मारी गई। पिछले दिनों हुई हत्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या की जा रही है।

आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसी को भी सुरक्षा नहीं दे पा रही है। इन्फ्लुएंसर, खिलाड़ी, गायक, नेता, यहां तक कि पुलिस थानों पर भी हमले हो रहे हैं। पुलिस थानों और चौकियों पर ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं। अब पंजाब में रहना लोगों के लिए बहुत मुश्किल होता जा रहा है। लोग अपने घर बेचने के लिए पोस्टर लगा रहे हैं। लोगों को डर है कि उनके बच्चे कहीं नशे की चपेट में न आ जाएं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। अगर वे आचार संहिता लागू होने का इंतजार कर रहे हैं, तो उसके बाद लोगों का कहना है कि उन्हें गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा। लोगों का कहना है कि वे गांवों के बाहर बोर्ड लगाने वाले हैं कि इस गांव में आम आदमी पार्टी की एंट्री नहीं है। उन्होंने अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि हमने नशे से पीड़ित लोगों से बातचीत की। उनका दुख सुनकर लोगों की आंखों में आंसू आ गए।

उन्होंने सरकार पर राज्य का कर्ज बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के करीब तक भ्रष्टाचार पहुंच गया है। गैंगस्टर खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फैक्ट्रियां यहां से पलायन कर रही हैं। 8 से 10 घंटे तक बिजली नहीं आ रही है। आम आदमी पार्टी के लोगों को कुछ नहीं आता, बस हर बात के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा देते हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को डीए नहीं मिल रहा है और कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां डीए 60 प्रतिशत मिल रहा है और ये कह रहे हैं कि हम 45 प्रतिशत ही देंगे। किसानों के लिए भी यह सरकार काम नहीं कर पा रही है। मंडियों में फसल पानी में डूबी हुई है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की हालत खराब है। लोग नशे से परेशान हैं। भाजपा प्रतिबद्ध है और पंजाब से नशे को खत्म कर देगी। यूपी में गैंगस्टर खत्म हो गए, मध्य प्रदेश से डाकू खत्म हो गए, झारखंड से नक्सली खत्म हो गए और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हट गई। यह हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है। जो हम कहते हैं, वह हम करके दिखाते हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/पीएम