Aapka Rajasthan

पंजाब में अकाली दल से गठबंधन पर बोले सी आर पाटिल, फैसला हुआ तो सार्वजनिक करेंगे

मोहाली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीपींस में गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि जहां भी गुरुद्वारे होते हैं, प्रधानमंत्री मोदी वहां जाते हैं। वे प्रकाश पर्व के मौकों पर अक्सर बिहार भी जाते हैं। कई जगहों पर गुरुद्वारों के साथ उनका गहरा जुड़ाव है।
 

मोहाली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीपींस में गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि जहां भी गुरुद्वारे होते हैं, प्रधानमंत्री मोदी वहां जाते हैं। वे प्रकाश पर्व के मौकों पर अक्सर बिहार भी जाते हैं। कई जगहों पर गुरुद्वारों के साथ उनका गहरा जुड़ाव है।

मोहाली में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धा भाव से गुरुद्वारों में जाते हैं। मनीला में 100 साल पुराने गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी सिख समुदाय के लिए गर्व की बात है।"

शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा, "यह एक राजनीतिक दल है और चुनाव नजदीक आ रहे हैं, इसलिए ऐसी बातें सामने आती रहेंगी। जो कुछ भी तय होगा, उसकी घोषणा सार्वजनिक रूप से कर दी जाएगी।"

उन्होंने अटकलों पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया, लेकिन कहा कि पार्टी जो भी फैसला करेगी, वह सार्वजनिक रूप से सामने आएगा।

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने बड़ा दावा किया। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा, "सभी चुनौतियों को पार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अश्वमेध यज्ञ' का घोड़ा आगे बढ़ रहा है। हमने बंगाल से लेकर बिहार तक, हर जगह जीत हासिल की है। इसी क्रम को जारी रखते हुए पंजाब में भी भाजपा ही जीतेगी। मैं तो इसे इसी तरह देखता हूं।"

वहीं, भाजपा सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा, "पूरे सिख समुदाय के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए फिलीपींस के दौरे पर हैं, ने वहां एक गुरुद्वारे में जाने के लिए समय निकाला। मनीला में 100 साल पुराने गुरुद्वारे का पुनर्निर्माण किया जा रहा है और वहां एक नई इमारत बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे का दौरा किया, सुखमनी साहिब का पाठ सुना, अरदास में शामिल हुए और नई इमारत की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।"

संधू ने कहा कि सी.आर. पाटिल आज आए हैं और नितिन नवीन बुधनार को पंजाब पहुंचेंगे। वे पंजाब के बारे में चर्चा करेंगे और इस बात पर विचार करेंगे कि राज्य को मुश्किलों से कैसे बाहर निकाला जाए। पंजाब में चुनाव भी नजदीक हैं, ऐसे में नितिन नवीन हमारी पार्टी को मजबूत करने और हमारा मार्गदर्शन करने आ रहे हैं। इसके अलावा बुधवार को हमारी पार्टी श्री गुरु रविदास जी को विशेष श्रद्धांजलि देगी।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी