पंजाब की पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्टल के खिलाफ केस दर्ज करने को कोर्ट में अर्जी दाखिल
बठिंडा, 12 जून (आईएएनएस)। पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिंदर कौर भट्टल की ओर से दिए गए एक बयान के बाद मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। बठिंडा के सामाजिक कार्यकर्ता और मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन मोहन लाल झुंबा ने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
कुछ महीने पहले पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि राज्य में दोबारा सरकार बनाने के लिए 'बम ब्लास्ट' का सहारा लेने का उन्हें प्रपोजल मिला था। लेकिन, उन्होंने अधिकारियों को फटकार तक लगाई थी।
पूर्व सीएम के बयान को लेकर मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन मोहन लाल झुंबा ने बठिंडा पुलिस के पास भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर वे अदालत पहुंचे। अब अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए 18 जुलाई की तारीख तय की है।
आईएएनएस से बात करते हुए पूर्व चेयरमैन मोहन लाल झुंबा ने बताया कि पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिंदर कौर भट्टल ने हाल ही में एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि जब वह पंजाब की मुख्यमंत्री थीं, तब कुछ अधिकारियों ने उन्हें सलाह दी थी कि पंजाब का माहौल खराब करके उनकी सरकार दोबारा बन सकती है। झुंबा ने कहा कि इस बयान से जहां आम लोगों का राजनीतिक नेताओं पर से भरोसा कम हुआ है, वहीं वे अधिकारी कभी भी और कहीं भी ऐसा कदम उठाकर पंजाब का माहौल खराब कर सकते हैं। इसी बयान को देखते हुए बठिंडा पुलिस से शिकायत की गई थी कि पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते अब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए अदालत से गुहार लगाई है।
मोहन लाल झुंबा के वकील संजीव गुप्ता ने कहा कि किसी जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा ऐसा बयान देने से समाज में डर और अस्थिरता पैदा हो सकती है। ऐसा बयान राज्य की शांति को भी भंग कर सकता है। ऐसा करना बीएनएस की धारा 352 और 353 के तहत अपराध है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम के बयान से लोगों में डर का माहौल पैदा होता है। अब, न्यायालय में बीएनएस की धाराओं के तहत हमने एक आवेदन दिया है, जिसमें संबंधित पुलिस अधिकारियों से बीबी राजिंदर कौर भट्टल के खिलाफ मामला दर्ज करने की अपील की गई है। इस मामले की सुनवाई 18 जुलाई को होगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
