Aapka Rajasthan

पंजाब: अब बरनाला में रुकेगी वंदे भारत, रवनीत सिंह बिट्टू ने दी जानकारी

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। पंजाब के फिरोजपुर से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत ट्रेन अब बरनाला में भी रुकेगी। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यह जानकारी दी।
 
पंजाब: अब बरनाला में रुकेगी वंदे भारत, रवनीत सिंह बिट्टू ने दी जानकारी

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। पंजाब के फिरोजपुर से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत ट्रेन अब बरनाला में भी रुकेगी। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि रेलवे ने वंदे भारत (26462/26461) ट्रेन को बरनाला में रोकने की मंजूरी दे दी है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव उनको बरनाला में वंदे भारत का नया स्टॉपेज बनने की बधाई देते नजर आ रहे हैं। वहीं, रवनीत बिट्टू उनको जानकारी दे रहे हैं कि रेलवे मंत्रालय के इस कदम से सरकार और स्थानीय लोग दोनों को ही बड़ा फायदा होगा।

बिट्टू ने कहा कि भारतीय रेलवे ने फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को बरनाला में रोकने की मंजूरी दे दी है। बरनाला और आसपास के इलाकों के निवासियों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है, जिससे वे वंदे भारत यात्रा के आराम और सुख-सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।

रवनीत सिंह बिट्टू ने एक वीडियो संदेश में बताया कि बरनाला वालों के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। रेलवे मंत्रालय ने बरनाला में वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि यह बरनाला वालों की लंबी मांग थी कि यहां भी वंदे भारत का एक स्टॉपेज होना चाहिए। अब केंद्र सरकार ने हमारी इस मांग को मान लिया है। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया।

उन्होंने रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव को बताया कि मानसा, संगरूर और बरनाला के लोगों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा।

बता दें कि पंजाब के संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बरनाला में वंदे भारत के स्टॉपेज की मांग की थी। अक्टूबर में सांसद गुरमीत सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने नई दिल्ली से फिरोजपुर कैंट तक चलने वाली नई वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज की मांग की थी।

--आईएएनएस

एमएस/