Aapka Rajasthan

पुणे जहरीली शराब कांड को लेकर सरकार गंभीर, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: गिरीश महाजन

पुणे, 30 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में अब तक 17 से 18 लोगों की जान जाने की बात सामने आई है। मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जो लोग भी जिम्मेदार हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
पुणे जहरीली शराब कांड को लेकर सरकार गंभीर, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: गिरीश महाजन

पुणे, 30 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में अब तक 17 से 18 लोगों की जान जाने की बात सामने आई है। मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जो लोग भी जिम्मेदार हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब में मिथेनॉल मिलाया गया था, जिसकी वजह से यह जहरीली बन गई। उन्होंने बताया कि सस्ती शराब मिलने के कारण बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग के लोगों ने इसका सेवन किया, जिसके चलते यह दुखद घटना हुई।

महाजन ने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवारों को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा नगर निगम की तरफ से एक लाख रुपये की अतिरिक्त मदद भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक ने भी घोषणा की है कि जिन परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य को खोया है, वहां परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि परिवार को भविष्य में सहारा मिल सके।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी गई है। साथ ही जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी के दौरान यह लापरवाही हुई, उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है और कई अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे महाराष्ट्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में कहीं भी हाथभट्टी या अवैध शराब का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। यदि किसी क्षेत्र में ऐसा कारोबार चलता पाया गया तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितने ही वरिष्ठ पद पर क्यों न हों।

दूसरी ओर, विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, "यह महाराष्ट्र के लिए बहुत शर्मनाक बात है। मुझे याद है जब आर. आर. पाटिल गृह मंत्रालय संभाल रहे थे, तब भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। उन्होंने बहुत सख़्त कदम उठाया था। और उस दिन से, मुंबई में शराब का सारा अवैध धंधा बंद हो गया था। हालांकि ऐसी जगहें बहुत कम थीं, लेकिन एक समय था जब अवैध शराब पीने से मरने वालों की संख्या बहुत ज्यादा होती थी। उस समय वह सिस्टम बंद हो गया था, लेकिन अब यह सिस्टम फिर से शुरू हो गया है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/डीएससी