पुणे-सोलापुर हाईवे पर सड़क हादसा, टेम्पो चालक की मौके पर मौत
पुणे, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कंटेनर और आयशर टेम्पो के बीच टक्कर में टेम्पो चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोलापुर की ओर जा रहा एक कंटेनर अचानक हाईवे का डिवाइडर पार कर गया और पुणे की ओर जाने वाली लेन में आ गया। इसी दौरान सामने से आ रहे आयशर टेम्पो की कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद कंटेनर की लोहे की चादरों के टुकड़े हाईवे पर दूर-दूर तक बिखर गए। इस दुर्घटना के कारण पुणे-सोलापुर हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही टोल प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए। सड़क पर बिखरे लोहे की चादरों के टुकड़ों को हटाकर रास्ता साफ किया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। यह हादसा दौंड जिला पुणे, महाराष्ट्र में हुआ।
इससे पहले 12 अक्टूबर को बिहार के कटिहार जिले में एक पटसन लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पानी में पलट गया था। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। दुर्घटना पोठिया थाना क्षेत्र में पोठिया-डूमर सड़क मार्ग पर कुशियारी मोड़ के समीप हुई थी।
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर पर चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। सभी पोठिया से बरारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुशियारी मोड़ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर पानी में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।
मृतकों की पहचान कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बरारी अंतर्गत जीरा पट्टी निवासी सद्दाम हुसैन (35) और मोहम्मद मनीर (59) के रूप में हुई थी।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
