Aapka Rajasthan

पुणे : सांगली में बड़ा हादसा, कुएं में डूबने से मां और बच्चे की मौत

पुणे, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के सांगली से मंगलवार को एक दुखद खबर सामने आई, जहां एक मां और बच्चे की कुएं में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। वहीं, पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया है। किसी को भी इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है।
 

पुणे, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के सांगली से मंगलवार को एक दुखद खबर सामने आई, जहां एक मां और बच्चे की कुएं में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। वहीं, पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया है। किसी को भी इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और इस मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

दरअसल, उमदी पुलिस स्टेशन के तहत मायथल सोलंकर बस्ती में एक मां और उसका 18 माह का बच्चा कुएं के पानी में डूब गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने पर उमदी पुलिस ने स्पेशल रेस्क्यू फोर्स, इमरजेंसी टीम और डिजास्टर मैनेजमेंट सांगली को सूचित किया। इस घटना की सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

लगभग 2,400 वर्ग फीट के कुएं में रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए स्पेशल रेस्क्यू फोर्स टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने कड़ी मेहनत के साथ कुछ ही मिनटों में मां और बच्चे दोनों के शव पानी से बाहर निकाल लिए। मृत महिला की पहचान नीता गजानन सोलंकर (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई। जबकि, उसके 18 महीने के बच्चे अवनी गजानन सोलंकर की भी डूबने से मौत हो गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद दोनों शवों को आगे की मेडिकल जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। इस भयावह घटना से सोलंकर परिवार में दुख की लहर दौड़ गई है और रिश्तेदारों के रोने-धोने से वहां मौजूद लोगों का दिल दहल गया है।

स्पेशल रेस्क्यू फोर्स इमरजेंसी टीम, डिजास्टर मैनेजमेंट सांगली के सीनियर कमांडर कैलाश वडेर, कमांडर महेश गवाने, सागर जाधव, आमिर नदाफ, इरशाद कवठेकर, आसिफ मकंदर, लहू घोरपड़े और टीम के दूसरे सदस्यों ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन में हिस्सा लिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद घटना के बारे में सही जानकारी मिलेगी। पुलिस परिवार वालों से भी घटना को लेकर पूछताछ कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटना की आगे की जांच में जुटी हुई है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम