Aapka Rajasthan

पुणे: पिंपरी-चिंचवड नगर निगम क्षेत्र में बड़ा हादसा, निर्माण कार्य के दौरान गिरी इमारत

पुणे, 8 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से लोगों का हाल बेहाल है। वहीं, दूसरी ओर पुणे के पिंपरी-चिंचवड नगर निगम क्षेत्र में बुधवार को एक दुखद घटना हुई। दरअसल, पिंपरी-चिंचवड नगर निगम के मोशी कचरा डिपो में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक इमारत गिरने की खबर सामने आई है।
 

पुणे, 8 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से लोगों का हाल बेहाल है। वहीं, दूसरी ओर पुणे के पिंपरी-चिंचवड नगर निगम क्षेत्र में बुधवार को एक दुखद घटना हुई। दरअसल, पिंपरी-चिंचवड नगर निगम के मोशी कचरा डिपो में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक इमारत गिरने की खबर सामने आई है।

इस हादसे में करीब 14 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया, जिसके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल, सेना और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं।

इस संबंध में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने राहत एवं पुनर्वास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीता वेद सिंघल, पिंपरी चिंचवड नगर आयुक्त विजयकुमार सूर्यवंशी और पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे से संपर्क किया और उन्हें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने दुर्घटना में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सेना को भी बुलाया गया है। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है।

बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में अचानक बाढ़, नदियों के उफान और इमारतों के ढहने जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की ओर से बुधवार को जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से अब तक राज्य में 62 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 पशुओं की भी जान गई है।

स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के तटीय और पश्चिमी जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा असर ठाणे और पालघर में देखने को मिला। इस दौरान ठाणे में 196.9 मिमी, पालघर में 185.4 मिमी, रायगढ़ में 134.1 मिमी, मुंबई उपनगर में 125.0 मिमी और पुणे में 69.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से अब तक हुई कुल बारिश के आधार पर लगभग सभी जिले 'लार्ज एक्सेस' (सामान्य से बहुत अधिक बारिश) की श्रेणी में पहुंच चुके हैं। पालघर में सामान्य से 457.3 प्रतिशत और पुणे में 435.4 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, पिछले पांच सप्ताह में हुई 62 मौतों में सबसे अधिक जानें इमारतों और दीवारों के ढहने तथा आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में गई हैं। संरचनाओं के ढहने से 25 लोगों की मौत हुई और 41 लोग घायल हुए। ये घटनाएं मुख्य रूप से नासिक, ठाणे, और मुंबई उपनगर में हुईं। वहीं, बिजली गिरने की घटनाओं में 23 लोगों की मौत और 17 लोग घायल हुए।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम