पुणे हत्याकांड पर राजा रघुवंशी की मां ने कड़ी से कड़ी सजा देने की उठाई मांग
इंदौर, 27 जून (आईएएनएस)। पूरे देश में पुणे हत्याकांड की चर्चा हो रही है। इस बीच इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मृतक की मां उमा रघुवंशी ने इस घटना की तुलना अपने बेटे की हत्या से करते हुए आरोपी सिया गोयल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में कई समानताएं दिखाई देती हैं और ऐसे मामलों में दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
उमा रघुवंशी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि पुणे की घटना देखकर उन्हें अपने बेटे राजा रघुवंशी की हत्या की याद आ गई। उन्होंने आरोप लगाया, "जिस तरह उनके बेटे की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी, उसी प्रकार पुणे में केतन अग्रवाल की हत्या योजना बनाकर की गई।" उनके अनुसार, दोनों घटनाओं में आरोपी महिलाओं पर अपने मंगेतरों की हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं, इसलिए उन्हें यह मामला अपने परिवार के साथ हुई घटना जैसा लगा।
उन्होंने कहा, "मैं आज भी अपने बेटे को खोने के दर्द से उबर नहीं पाई हूं, इसलिए मैं केतन की मां का दर्द अच्छी तरह समझ सकती हूं। किसी भी मां के लिए अपने बेटे को इस तरह खोना सबसे बड़ा दुख होता है।"
उमा रघुवंशी ने कहा, "अगर किसी युवती को शादी या सगाई स्वीकार नहीं करनी है तो उसे स्पष्ट रूप से इनकार कर देना चाहिए, लेकिन किसी को किसी की जान लेने का अधिकार नहीं है। परिवारों को भी ऐसे मामलों में बच्चों की इच्छा को प्राथमिकता देनी चाहिए और केवल सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण रिश्ते तय करने का दबाव नहीं बनाना चाहिए।"
उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर अपराधों के आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया तेज होनी चाहिए। उनका आरोप था कि यदि ऐसे मामलों में सख्त और तेज कार्रवाई नहीं होगी तो इससे गलत संदेश जाएगा और अपराधियों के मन में कानून का डर कम होगा। उन्होंने अपने बेटे के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अब भी न्याय का इंतजार है और केतन अग्रवाल के परिवार को भी न्याय की मांग करनी चाहिए।
उमा रघुवंशी ने मांग की कि हत्या जैसे जघन्य अपराधों में दोषी पाए जाने वाले आरोपियों को कठोरतम सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि विवाह तय करने से पहले अपने बच्चों की इच्छा अवश्य जानें और उनकी सहमति के बिना कोई फैसला न लें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
