पुणे : अवैध शराब विक्रेता राहुल क्षीरसागर की भी जहरीली शराब पीने से मौत
पुणे, 30 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में जहरीली शराब पीने से मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। इस पूरे मामले में अवैध शराब विक्रेता राहुल क्षीरसागर की भी जहरीली शराब पीने से मौत होने की जानकारी सामने आई है। 13 मई को राहुल क्षीरसागर के खिलाफ शराब बिक्री के संबंध में हडपसर पुलिस स्टेशन में मामला भी दर्ज किया गया था।
पुणे के हडपसर इलाके के पांढरे माला क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से कम से कम 13 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शराब पीने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इस मामले में पुणे पुलिस प्रशासन ने हडपसर पुलिस स्टेशन से जुड़े तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मोगले, सहायक पुलिस निरीक्षक हसीना सिकलगार और पुलिस उपनिरीक्षक हसन मुलाणी शामिल हैं। तीनों अधिकारी हडपसर पुलिस स्टेशन और उससे जुड़े अपराध जांच तंत्र में कार्यरत थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध रूप से जहरीली देसी शराब तैयार की और उसमें विषैले रसायन मिलाकर उसका परिवहन एवं वितरण किया। आरोपियों को यह जानकारी थी कि इस शराब के सेवन से लोगों की जान जा सकती है। इसके बावजूद वे सुनियोजित तरीके से जहरीली शराब बेचकर कई लोगों की मौत का कारण बने। आदेश में कहा गया है कि संबंधित पुलिस अधिकारियों की लापरवाही और निगरानी में गंभीर कमी के कारण यह घटना घटी।
गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ के पुलिस आयुक्तों को मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। दोनों शहरों की पुलिस को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़े ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आबकारी विभाग को भी जांच में शामिल किया गया है। अधिकारियों द्वारा मौतों के सही कारणों का पता लगाने का काम जारी है।
सांसद श्रीरंग बारणे ने कहा कि जानकारी सामने आई है कि शराब में मिलावट की गई थी। मैंने अधिकारियों से बातचीत की है और इस मामले में कठोर कार्रवाई करने की बात कही है। इसके साथ, इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सस्ती शराब के चक्कर में लोग अपनी जान जोखिम में न डालें।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम
