पुडुचेरी को 'विकसित पुडुचेरी' बनाना भाजपा-एनडीए का संकल्प है: नितिन नवीन
मनवेली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पुडुचेरी के मनवेली में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पुडुचेरी के लिए बेस्ट (बीईएसटी) का मूलमंत्र दिया है। यहां 'बी' का मतलब बिजनेस, 'ई' का मतलब एजुकेशन, 'एस' का मतलब स्प्रिचुअलिटी और 'टी' का मतलब टूरिज्म है। ये चारों मंत्र पुडुचेरी के विकास के लिए, एक विकसित पुडुचेरी बनाने के लिए निश्चित रूप से भाजपा-एनडीए का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार को भी देखा, युवाओं को बेरोजगारी के लिए भटकते हुए भी देखा। और कहीं न कहीं यहां की माताओं-बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाते हुए भी देखा। एक समय था जब इसी यूपीए की सरकार में यहां बेरोजगारी दर 47 प्रतिशत तक चली गई थी। लेकिन मुझे बताते हुए खुशी है कि आज एनडीए की सरकार में ये घटकर मात्र 4 प्रतिशत पर आ गई है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए की सरकार में यहां नकली दवाइयों का पूरा बोलबाला था, जबकि हमारी सरकार ने 33 से ज्यादा जनऔषधि केंद्र खोलकर लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया आयाम जोड़ने का काम किया। पीएम नरेन्द्र मोदी जब 1 मार्च को पुडुचेरी आए थे, तो नई योजनाओं की नई सौगात लेकर आए थे। उस समय उन्होंने करीब 2700 करोड़ की कई नई परियोजनाओं को प्रारंभ करने का काम किया, और एनडीए सरकार इन योजनाओं को जमीन पर उतारने का संकल्प लेती है।
उन्होंने कहा कि विल्लुपुरम से पुडुचेरी तक 29 किमी लंबे फोरलेन सड़क का प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय उद्घाटन करके यहां लोगों के लिए सुविधा देने का काम किया। कहीं न कहीं इस राज्य के विकास में इंफ्रास्ट्रक्चर हो, सड़क हो... इसको गति देने का काम हमारी सरकार कर रही है। जो पुडुचेरी अपराध के कारण, पूर्व की सरकारों की नाकामी के कारण... यहां का टूरिज्म सेक्टर पूरी तरह से बर्बाद हो चुका था, उस टूरिज्म सेक्टर को फिर से एक एसेट के रूप में हमारी सरकार ने लिया है। चाहे वो स्पिरिचुअल टूरिज्म हो, चाहे इकोनॉमिक टूरिज्म हो... हम सभी सिगमेंट को मजबूत करके यहां के लोगों के लिए नए अवसर खोलने का काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एमएस/
