पुडुचेरी के लोग एनडीए के शासन से खुश, चाहते हैं दोबारा बने सरकार : खुशबू सुंदर
पुडुचेरी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। 30 सदस्यीय पुडुचेरी विधानसभा के लिए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने दावा किया कि लोग पुडुचेरी के शासन-प्रशासन से बेहद खुश हैं। इसलिए एनडीए को पुडुचेरी में जीत जरूर मिलेगी।
तमिलनाडु भाजपा की उपाध्यक्ष खुशबू सुंदर ने रविवार को पुडुचेरी में भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं जहां भी गई हूं, लोग यहां के शासन-प्रशासन से बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि वे संतुष्ट हैं और चाहते हैं कि एन. रंगास्वामी ही दोबारा मुख्यमंत्री बनें। उन्हें लगता है कि एनडीए की जीत जरूरी है, क्योंकि इस गठबंधन के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की ओर से लागू की गई नीतियां लोगों तक, खासकर महिलाओं और युवाओं तक पहुंची हैं।"
इसी बीच, खुशबू सुंदर ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "यह सुनकर हैरानी होती है कि मल्लिकार्जुन खड़गे, जो शायद भ्रष्टाचार के मास्टर हैं, इन मुद्दों पर बोल रहे हैं। कांग्रेस पहले दिन से ही देश के सामने आए कुछ सबसे बड़े घोटालों में शामिल रही है। कांग्रेस से ताल्लुक रखने वाले मिस्टर खड़गे को तो भ्रष्टाचार के बारे में बोलने का कोई हक ही नहीं है। मल्लिकार्जुन खड़गे शायद यह भूल गए हैं कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत को आपातकाल का सामना करना पड़ा था।"
उन्होंने आगे कहा, "उन्हें राज्य के दर्जे पर भी बोलने का अधिकार नहीं है, क्योंकि जब उनकी सरकार सत्ता में थी, तब उन्होंने क्या किया? क्या उन्होंने राज्य का दर्जा दिया? इतने वर्षों तक, 60 साल से ज्यादा समय तक कांग्रेस ने देश पर शासन किया, लेकिन उन्होंने क्या ठोस काम किया?"
खुशबू सुंदर ने यह भी कहा कि कुछ समय के लिए राजीव गांधी का दौर जरूर रहा, जहां डिजिटल विकास की बात हुई। लेकिन आज जो डिजिटल क्रांति हम देख रहे हैं, जहां हमें नकद पैसे रखने की जरूरत नहीं पड़ती, और अनेक प्लेटफॉर्म दुनिया में अग्रणी हैं, यह सब भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान हुआ है।
वहीं, पुडुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम ने भी केंद्र शासित प्रदेश में जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, "मैं रोजाना सुबह और शाम, घर-घर जाकर हर किसी से मिलता हूं। लोग जानते हैं कि सिर्फ एनडीए सरकार ही पुडुचेरी को आगे बढ़ा सकती है और उसका विकास कर सकती है। लोगों के मन में यह विश्वास है कि एनडीए सरकार ऐसा करेगी और इसीलिए वे पुडुचेरी में एनडीए सरकार को दोबारा चुनेंगे।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
