बेरोजगारों को 2000 रुपए प्रति महीना और महिलाओं को मुफ्त बस सेवा, पुडुचेरी में राहुल गांधी ने दीं पांच गारंटी
पुडुचेरी, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अगर पुडुचेरी में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनती है तो महिलाओं को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पुडुचेरी के लोगों को 5 गारंटी देते हुए कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए 2000 रुपए प्रति महीना की सहायता दी जाएगी। सरकारी और निजी क्षेत्रों में 30,000 नई नौकरियां दी जाएंगी। महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त होगी। सरकारी नौकरी के लिए भर्ती की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 40 वर्ष तक की जाएगी। इसके अलावा हर परिवार का 20 लाख का स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि यह खोखले वादे नहीं हैं। ये गरिमा और सुरक्षा की नींव हैं। उन्होंने कहा कि जब भी मैं पुडुचेरी आता हूं, आप मुझे बहुत प्यार और स्नेह देते हैं। पुडुचेरी के लोगों और मेरे परिवार के बीच भावनात्मक रिश्ता है। यह सिर्फ एक राजनीतिक संबंध नहीं है। यह बहुत गहरा और पुराना रिश्ता है। यह प्यार और आपसी सम्मान का रिश्ता है। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हूं कि पुडुचेरी की आवाज इस खूबसूरत राज्य को चलाए। आइए एक ऐसी सरकार बनाएं जो वास्तव में पुडुचेरी की आवाज का प्रतिनिधित्व करती हो। एक ऐसा पुडुचेरी बनाएं जो सचमुच वहां के लोगों की आवाज को दर्शाता हो।
राहुल गांधी ने कहा कि आज पुडुचेरी नकली दवाओं का केंद्र बन गया है, जहां बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण हो रहा है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ये दवाएं देशभर में भेजी जा रही हैं। यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं है। इसमें हत्या सहित भ्रष्टाचार शामिल है।
भाजपा राज्य को रिमोट कंट्रोल से चलाती है। उपराज्यपाल लोगों की इच्छा को दरकिनार करने के साधन के रूप में कार्य करते हैं। क्षेत्रीय नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है और स्थानीय निकाय चुनाव नहीं होने दिए जा रहे हैं। औद्योगिक और कपड़ा क्षेत्र में गिरावट आ रही है और सैकड़ों कारखाने बंद हो गए हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पूर्ण राज्य की मांग हमेशा से रही है, जिसका वादा भाजपा ने किया था, लेकिन दिया नहीं। हम पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
