Aapka Rajasthan

'देश की एकजुटता से डरी सरकार', प्रदर्शन के बीच सीजेपी ने केंद्र पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। सीजेपी नेता अजिंक्य शिंदे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश शेयर कर मोदी सरकार पर भी निशाना साधा।
 

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। सीजेपी नेता अजिंक्य शिंदे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश शेयर कर मोदी सरकार पर भी निशाना साधा।

सीजेपी नेता ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका हमारे इन तीन सीजेपी के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया है। ये तानाशाही सरकार इस देश की एकजुटता से एक बार फिर डर चुकी है। आपको याद होगा कि पिछली बार जब पूरा देश एकजुट होकर जंतर-मंतर पर आया था, तब मोदी सरकार का अहंकार हमने चकनाचूर कर दिया था। इस वजह से इस बार लोग जंतर-मंतर न पहुंचें, इन्होंने ट्रेन बंद कर दी, मेट्रो बंद कर दीं और बसों तक को बंद कर दिया गया। यहां तक कि उन सारे माध्यमों और रास्तों को बंद कर दिया गया, जहां से लोग आ रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का डर ये दिखाता है कि आधी लड़ाई तो हम जीत चुके हैं और ये एक नई लड़ाई की शुरुआत है। हम क्या मांग रहे थे, इस देश के लोग क्या मांग रहे थे, जिनका वोट का अधिकार चोरी हो चुका है, उनको उसका ये अधिकार वापस मिले, जिस सीईसी ने वोट चोरी किया है, उनका इस्तीफा हो...यही तो मांग रहे थे। इसकी वजह से इस तानाशाही सरकार ने पूरी दिल्ली में इमरजेंसी लगा दी और पूरी दिल्ली बंद कर दी।

सीजेपी नेता ने कहा कि सभी देशवासियों से अपील है कि आप जहां भी हो जंतर-मंतर के लिए कूच करें और जहां भी आपको पुलिस रोक ले, उसी स्थान को अपना जंतर-मंतर बना दें। जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, ये लड़ाई जारी रहेगी।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके, को-कन्वीनर सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने उनकी फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया। सीजेपी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान के अंदर घुसे जिसमें अभिजीत दिपके राष्ट्रीय राजधानी आ रहे थे। फ्लाइट कुछ मिनट पहले ही आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी।

हिरासत के दौरान अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, "मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं। मुझे गिरफ्तार करो।" सीजेपी ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए यह भी जानकारी दी कि पार्टी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है।

वहीं, दूसरी ओर मुंबई पुलिस ने महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को डिटेन कर लिया है। वह अगस्त क्रांति मैदान की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें डिटेन किया।

--आईएएनएस

एमएस/पीएम