प्रोसेस्ड फूड को लेकर चिराग पासवान की दो टूक, बोले- प्रोसेस्ड का मतलब खराब नहीं, वैल्यू एडिशन है
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने नेशनल बेवरेज कॉन्क्लेव 2026 के उद्घाटन के दौरान भारतीय बेवरेज इंडस्ट्री की संभावनाओं, टैक्स व्यवस्था और प्रोसेस्ड फूड सेक्टर को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि फलों का अधिक इस्तेमाल करने वाले पेय पदार्थों को 40 प्रतिशत टैक्स श्रेणी में रखने के बजाय उनके लिए अलग सब-कैटेगरी बनाने की मांग उद्योग की ओर से उठाई गई है। सरकार इस मुद्दे पर जीएसटी काउंसिल के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह उद्योग और संबंधित प्राधिकरणों के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे और देश की अर्थव्यवस्था के हित में बेहतर निर्णय लेने का प्रयास करेंगे।
चिराग पासवान ने बताया कि उद्योग की चिंताओं को मंत्रालय के सामने रखा गया है। इंडस्ट्री की ओर से दिए गए सुझावों के आधार पर मंत्रालय ने भी अपना कवरिंग तैयार किया है। इसमें उन पेय पदार्थों का जिक्र किया गया है, जिनमें फलों का इस्तेमाल अधिक होता है। ऐसे सभी उत्पादों को एक ही 40 प्रतिशत टैक्स श्रेणी में रखना उचित नहीं होगा और इनके लिए अलग वर्गीकरण पर विचार किया जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने 2024 में पहली बार मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी, तब प्रोसेस्ड फूड इंडस्ट्री की प्रमुख चिंता यह थी कि अधिकतर उत्पाद 12 और 18 प्रतिशत के टैक्स स्लैब में आते हैं, जबकि कुछ उत्पाद सबसे ऊंचे स्लैब में भी शामिल हैं। मौजूदा परिस्थितियों में प्रोसेस्ड फूड कई लोगों की जरूरत बन चुका है। प्रोसेसिंग का अर्थ केवल खाद्य पदार्थ को प्रोसेस करना नहीं, बल्कि उसमें वैल्यू एडिशन और गुणवत्ता बढ़ाना भी है। इसे स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानना सही नहीं है।
वर्किंग कपल्स की बढ़ती संख्या के कारण रेडी टू ईट, रेडी टू कुक और ऑन द गो खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ी है। ऐसे उत्पाद आज की जरूरत बनते जा रहे हैं। उद्योग की ओर से लंबे समय से टैक्स संबंधी मांगें उठाई जा रही थीं, हालांकि पेय पदार्थों को लेकर अभी भी कुछ मुद्दे बाकी हैं।
उन्होंने इंडियन बेवरेज एसोसिएशन से आग्रह किया कि वह उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ मिलकर एक बार फिर अपना विस्तृत सुझाव सरकार को सौंपे। उन्होंने कहा कि वह उद्योग की बात संबंधित प्राधिकरणों तक पहुंचाएंगे, ताकि उचित निर्णय लिया जा सके। भारतीय पेय उद्योग की वैश्विक संभावनाओं पर चिराग पासवान ने कहा कि देश की विविधता इस क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए कई अवसर देती है। उन्होंने बिहार के सत्तू का उदाहरण देते हुए कहा कि इसमें कई स्वास्थ्य लाभ हैं, लेकिन उपभोक्ताओं तक इसकी पहुंच उतनी व्यापक नहीं है जितनी होनी चाहिए।
उन्होंने मखाना का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई स्थानीय उत्पादों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। मखाना को आज सुपरफूड के रूप में पहचान मिल रही है। उन्होंने मिलेट और सी-बकथॉर्न का उदाहरण देते हुए कहा कि इन उत्पादों को भी व्यापक पहचान मिली है। भारतीय बेवरेज इंडस्ट्री को सीमित सोच से निकलकर नए विकल्प विकसित करने चाहिए। फिटनेस पर बढ़ते ध्यान को देखते हुए कंपनियों को हेल्दी पेय पदार्थों के सेगमेंट में भी काम करना चाहिए।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर चिराग पासवान ने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए भारत की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार सात प्रतिशत से अधिक की विकास दर बनाए रखने में सफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी मंचों का इस्तेमाल कर भारत की अर्थव्यवस्था और व्यवस्था को कमतर दिखाने का प्रयास करता है।
पासवान ने सवाल उठाया कि विदेशी मंचों पर भारतीय व्यवस्था की आलोचना करने के लिए राहुल गांधी को मौका क्यों दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच चुनाव और बहस हो सकती है, लेकिन देश के आंतरिक राजनीतिक मामलों में किसी तीसरे देश या विदेशी व्यक्ति को टिप्पणी करने का अवसर नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे बयानों के पीछे विदेशी प्रभाव की भूमिका हो सकती है और कुछ ताकतें भारत में अराजकता पैदा करने का प्रयास कर रही हैं।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी
