वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में निजी क्षेत्र ने 26 लाख करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का किया ऐलान : सीआईआई
नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) ने मंगलवार को कहा कि वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में निजी क्षेत्र ने 26 लाख करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का ऐलान किया। यह केंद्र सरकार के लगातार नीतिगत सुधारों और बुनियादी ढांचे के विकास और विनियामक सुधारों से कारोबारी भरोसा मजबूत होने के कारण संभव हुआ है।
सीआईआई ने कहा कि सरकार ने नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास, विनियामक सुधारों और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने वाले उपायों के जरिए भारत के निवेश माहौल को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इन पहलों ने निजी निवेश के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया है, जिसके तहत निवेश की बढ़ती प्रतिबद्धता, कॉर्पोरेट पूंजी निर्माण और परियोजनाओं के क्रियान्वयन के उत्साहजनक संकेत देखने को मिल रहे हैं।
सीआईआई के 'प्राइवेट इन्वेस्टमेंट बैरोमीटर' के दूसरे संस्करण के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में निजी क्षेत्र की परियोजनाओं की घोषणाएं 26.6 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गईं। यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 58.5 प्रतिशत अधिक है और वित्त वर्ष 2017 से वित्त वर्ष 2025 तक की पहली छमाही के औसत से 4.4 गुना अधिक है। इस दौरान कुल परियोजना घोषणाओं में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी एक साल पहले के 74.2 प्रतिशत से बढ़कर 86.2 प्रतिशत हो गई है।
यह बैरोमीटर निवेश की बदलती संरचना को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में विनिर्माण परियोजनाओं की घोषणाएं 8.1 लाख करोड़ रुपए रहीं, जो उनके ऐतिहासिक औसत से 3.2 गुना अधिक हैं। वहीं, बिजली क्षेत्र की परियोजनाओं की घोषणाएं 7.7 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गईं, जो उनके ऐतिहासिक औसत का 5.1 गुना है। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) परियोजनाओं की घोषणाएं (जिनमें मुख्य रूप से डेटा सेंटर और एआई से जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल है) लगभग 9.5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गईं, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह आंकड़ा 0.7 लाख करोड़ रुपए था।
सीआईआई के अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने कहा, “सरकार को लगातार नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और नियामक ढांचे में सुधार के जरिए निजी निवेश के लिए एक मजबूत और अनुकूल माहौल बनाने का श्रेय मिलना चाहिए। वैश्विक स्तर पर भारी अनिश्चितता के बावजूद, इन प्रयासों में निरंतरता और स्थिरता ने कारोबारी भरोसे को मजबूत किया है और दीर्घकालिक निवेश निर्णयों के लिए एक स्पष्ट दृष्टिकोण प्रदान किया है। भारतीय उद्योग जगत इन अवसरों का सकारात्मक जवाब दे रहा है, और हमें निवेश की घोषणाओं तथा वास्तविक पूंजी निर्माण, दोनों ही रूपों में इसके उत्साहजनक प्रमाण देखने को मिल रहे हैं।”
--आईएएनएस
एबीएस/
