प्रिंस वनडे टीम में मौका पाने के हकदार: उमेश यादव
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की तरफ से खेल रहे दाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भारतीय वनडे टीम में जगह मिलने पर बधाई देते हुए कहा है कि वह इसका हकदार है।
उमेश यादव ने कहा, "प्रिंस यादव का वनडे में चुना जाना इस आईपीएल सीजन में उनके प्रदर्शन का सही इनाम है। उन्होंने पिछले साल बहुत मेहनत की है। जो बात सबसे अलग है, वह है उनकी गेंदबाजी की विविधता। उन्हें ठीक-ठीक पता है कि कब गेंद को स्विंग करना है और कब हार्ड लेंथ पर हिट करना है। युवा गेंदबाजों में इस तरह की जागरूकता कम ही देखने को मिलती है। वह बाउंसर फेंकने से नहीं डरते। जब भी उन्हें लगता है कि बल्लेबाज कम्फर्टेबल है, तो वह शॉर्ट गेंद फेंकते हैं। व्हाइट-बॉल क्रिकेट में यह एक कीमती स्किल है।"
दिग्गज तेज गेंदबाज ने कहा, "उनके पास एक सटीक यॉर्कर और अच्छी तरह से छिपी हुई धीमी गेंद भी है जो अक्सर बल्लेबाजों को हैरान कर देती है। उनकी इनस्विंग उनका असली हथियार है। उन्होंने विराट कोहली को जिस तरह से इन-स्विंगिंग गेंद से आउट किया, वह प्योर क्लास था।"
उमेश ने कहा, "मैं सच में खुश हूं कि प्रिंस को पहली बार इंडिया कॉल-अप मिला। उनके पास प्रतिभा और बढ़ने की मानसिकता है। अगर वह फिट रहते हैं और सीखते रहते हैं, तो वह भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम हो सकते हैं।"
प्रिंस यादव का चयन अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में किया गया है। प्रिंस ने आईपीएल 2026 में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है और 13 मैचों में 16 विकेट झटके हैं। दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले प्रिंस यादव ने 14 लिस्ट ए मैचों में 29 विकेट लिए हैं।
--आईएएनएस
पीएके
