Aapka Rajasthan

प्रीमियर लीग से रेलिगेशन के बाद स्कॉट पार्कर ने बर्नले छोड़ी

बर्नले, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। स्कॉट पार्कर ने आपसी सहमति से बर्नले फुटबॉल क्लब के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। क्लब ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। अब माइक जैक्सन मौजूदा सपोर्ट स्टाफ के साथ अंतरिम कोच की भूमिका निभाएंगे। जैक्सन की अगुवाई में टीम के बाकी चार प्रीमियर लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिसकी शुरुआत शुक्रवार को लीड्स यूनाइटेड के खिलाफ अवे मैच से होगी।
 
स्कॉट पार्कर का पद छोड़ना बर्नले के प्रीमियर लीग से रेलिगेशन के महज 8 दिन बाद हुआ। क्लब ने यह भी स्पष्ट किया है कि 2026/27 सीजन से पहले नए स्थायी मुख्य कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है।

बर्नले ने एक बयान में कहा, "पिछले हफ्ते क्लब के प्रीमियर लीग से बाहर होने की पुष्टि के बाद, पार्कर और बोर्ड के बीच चर्चा हुई और आपसी सहमति से यह तय किया गया कि टर्फ मूर में उनका कार्यकाल अब समाप्त हो जाएगा।"

टर्फ मूर में अपने कार्यकाल के दौरान, पार्कर ने 2024/25 सीजन में क्लेरेट्स को एक रिकॉर्ड-तोड़ सीजन तक पहुंचाया। उन्होंने बर्नले को चैंपियनशिप से प्रीमियर लीग में प्रमोट करवाया, जिसमें 33 मुकाबलों की अजेय दौड़ शामिल थी और उन्होंने 30 क्लीन शीट का शानदार रिकॉर्ड भी बनाया।

पार्कर ने 2024-25 सीजन से पहले जाने वाले विंसेंट कोम्पनी की जगह ली थी, उन्होंने बर्नले छोड़ने के बाद एक मैसेज में लिखा, "पिछले 2 वर्षों से इस महान क्लब का नेतृत्व करना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। मैंने हमारी इस साझा यात्रा के हर पल का आनंद लिया है, लेकिन मुझे लगता है कि अब दोनों पक्षों के लिए अलग-अलग दिशाओं में आगे बढ़ने का सही समय आ गया है। मैं क्लब में अपने कार्यकाल के दौरान हमने जो कुछ भी हासिल किया, उस पर गर्व करता हूं, विशेष रूप से 2024/25 का हमारा अविस्मरणीय प्रमोशन सीजन। इस टीम को प्रीमियर लीग तक ले जाना मेरे लिए सम्मान की बात थी।"

उन्होंने कहा, "मैं एलन और क्लब के मालिक समूह को क्लब में मेरे कार्यकाल के दौरान उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। मेरा धन्यवाद पर्दे के पीछे काम करने वाले शानदार और अथक स्टाफ को भी जाता है, और सबसे महत्वपूर्ण रूप से, उन खिलाड़ियों को, जिन्होंने मेरे आने के पहले दिन से ही अपना सब कुछ झोंक दिया। अंत में, बर्नले के फैंस का भी धन्यवाद। मैं आप सभी और इस महान क्लब के भविष्य के लिए सिर्फ और सिर्फ शुभकामनाएं देता हूं।"

इंग्लैंड के लिए 18 मैच खेलने वाले पार्कर ने अपने करियर में छह प्रीमियर लीग टीमों (चार्ल्टन, चेल्सी, न्यूकैसल, वेस्ट हैम और टॉटेनहम) के लिए खेले, जिसके बाद उन्होंने मैनेजमेंट का काम संभाला।

--आईएएनएस

आरएसजजी