Aapka Rajasthan

प्रेमचंद बैरवा का कांग्रेस पर हमला, बोल- दलित जिला अध्यक्ष पर हमला करना निंदनीय

जयपुर, 3 सितंबर (आईएएनएस)। बीकानेर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ उन्हीं के पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी दलित नेता के साथ ऐसा व्यवहार शोभा नहीं देता है।
 
प्रेमचंद बैरवा ने गुरुवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "जिस तरह से बीकानेर के जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लातों-घूंसों से हमला किया, यह निंदनीय है। कांग्रेस हमेशा से दलित विरोधी रही है और उन्होंने कल यह परिचय फिर दिया।"

डिप्टी सीएम ने कहा, "कल तक तो कांग्रेस का कोई भी पदाधिकारी या बड़ा नेता इस पर बयान देने से बच रहा था लेकिन अब पता लगा है कि कुछ लोगों पर कार्रवाई करके उन्हें निष्कासित किया गया है। पुलिस कार्रवाई भी होगी। इस तरह की अशोभनीय हरकतें और जिला अध्यक्ष पर हमला होना कांग्रेस की अंदरूनी फूट को दिखाता है। एक दलित जिला अध्यक्ष के ऊपर इस तरह का हमला करना निंदनीय है और हम इसकी निंदा करते हैं।"

वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट में पूर्व एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में नियुक्ति को लेकर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने कहा, "मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं। नए सीईओ राम मंदिर में बहुत अच्छा काम करेंगे। वे बहुत अनुभवी व्यक्ति हैं और आने वाले समय में वहां बहुत अच्छा काम होगा।"

गौरतलब है कि बीकानेर की घटना के बाद राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दो पूर्व पार्षदों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। वहीं, भाजपा इसे दलित उत्पीड़न और कांग्रेस की गुटबाजी से जोड़कर हमलावर है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम