Aapka Rajasthan

प्रयागराज में दीपावली पर नहीं होगी बिजली की परेशानी, 24 घंटे अलर्ट पर टीम : मुख्य अभियंता राजेश कुमार

प्रयागराज, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली से पहले प्रयागराज का बिजली विभाग पूरी तरह हाई अलर्ट पर आ गया है। त्योहार के दौरान शहर के किसी भी इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य अभियंता (वितरण) राजेश कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस बार प्रयागराज पूरी तरह जगमगाएगा और लोगों को निर्बाध बिजली मिलेगी।
 

प्रयागराज, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली से पहले प्रयागराज का बिजली विभाग पूरी तरह हाई अलर्ट पर आ गया है। त्योहार के दौरान शहर के किसी भी इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य अभियंता (वितरण) राजेश कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस बार प्रयागराज पूरी तरह जगमगाएगा और लोगों को निर्बाध बिजली मिलेगी।

मुख्य अभियंता ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विभाग ने पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी है। विभाग का एकमात्र लक्ष्य यही है कि उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। शहर के सभी इलाकों में निर्बाध आपूर्ति बनी रहे, इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले से ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मरम्मत, रखरखाव और निगरानी का काम पिछले एक महीने से लगातार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रयागराज शहर में बिजली विभाग के कुल सात डिवीजन हैं। इन सभी सातों डिवीजनों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। एसडीओ स्तर पर करीब बीस टीमों को मैदान में उतारा गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रही हैं और बिजली से जुड़े हर छोटे-बड़े उपकरण की जांच कर रही हैं। खंभों, तारों, ट्रांसफार्मरों और पैनल बॉक्स की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान कोई भी तकनीकी खराबी सामने न आए।

विभाग ने इस बार सबसे ज्यादा ध्यान भीड़भाड़ वाले इलाकों पर दिया है। मुख्य अभियंता के अनुसार, बाजार, बस स्टॉप, प्रमुख चौराहे और मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन जगहों पर दीपावली के दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे इन क्षेत्रों के हर खंभे की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी खंभे में करंट न उतर रहा हो।

उन्होंने बताया कि दीपावली के समय नगर निगम और अन्य विभागों की ओर से भी सजावटी लाइटें लगाई जाती हैं। कई बार इन लाइटों के कारण खंभों में करंट आने की आशंका रहती है, जो बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसी को देखते हुए विभाग ने दूसरे विभागों को भी स्पष्ट हिदायत दी है कि सजावटी लाइटें लगाते समय सुरक्षा के सभी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। बिजली विभाग की टीमें भी इन लाइटों की नियमित जांच कर रही हैं।

बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय कर दिया है। यह कंट्रोल रूम दिन-रात कार्यरत रहेगा। उपभोक्ता किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा विभाग का पुराना टोल फ्री नंबर 1912 भी लगातार चालू रहेगा। इस नंबर पर तार टूटने, ट्रांसफार्मर में खराबी, करंट उतरने या किसी भी अन्य आपात स्थिति की सूचना दी जा सकती है।

मुख्य अभियंता ने कहा कि विभाग की टीमें दिन और रात दोनों समय पूरी तरह सजग रहेंगी। दिन के समय जहां कहीं भी कोई कमी पाई जा रही है, वहां शटडाउन लेकर तुरंत मरम्मत का काम कराया जा रहा है। लटकते हुए तारों को ठीक किया जा रहा है। यदि कहीं तार नीचे लटक रहे हैं, तो उन्हें एक-दो दिन के भीतर ही दुरुस्त कर दिया जाएगा।

शाम के समय विभाग की टीमें बाजारों में विशेष गश्त कर रही हैं। इस दौरान यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई पैनल बॉक्स खुला तो नहीं है, कोई तार ढीला तो नहीं है और किसी खंभे में करंट तो नहीं आ रहा है। सुरक्षा से जुड़ी हर छोटी बात को गंभीरता से लिया जा रहा है।

आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्य अभियंता ने बताया कि सभी बिजलीघरों पर इमरजेंसी टीमें तैनात रहेंगी। प्रयागराज में बिजली विभाग के दो सर्किल हैं और दोनों सर्किलों में इमरजेंसी टीमें हमेशा तैयार रहेंगी। इसके अलावा शहर के हर सबस्टेशन पर 24 घंटे कर्मचारी शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। ये कर्मचारी किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेंगे।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी