प्रशिक्षण से गढ़ेंगे सक्षम कार्यकर्ता, संगठन को मिलेगा नया बल: पंकज चौधरी
लखनऊ, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत मंगलवार को जोनल स्तर की वक्ता कार्यशाला का आयोजन एसआर कॉलेज, बख्शी का तालाब में किया गया। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर जिला स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों के लिए वक्ता के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इनके साथ केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, भूपेंद्र चौधरी और अनूप गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
जिला प्रशिक्षण वर्गों के लिए 12 सत्रों की रूपरेखा तय की गई, जिनके माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश ने कहा कि यह प्रशिक्षण मंडल स्तर के बाद दूसरा चरण है, जिसके तहत अब जिला स्तर पर वर्ग आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण भाजपा की कार्यकर्ता निर्माण की सशक्त परंपरा है, जो अनुशासित, समर्पित और वैचारिक रूप से दृढ़ कार्यकर्ताओं का निर्माण करती है। उन्होंने वक्ताओं से विषय की गहन तैयारी, प्रभावी संवाद शैली और सरल प्रस्तुति अपनाने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कार्यकर्ता को कर्म-आधारित दृष्टिकोण के साथ प्रशिक्षण लेना और देना चाहिए। निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही व्यक्ति को दक्ष बनाती है और संगठन की कार्यपद्धति, इतिहास तथा वैचारिक प्रतिबद्धता को समझने में मदद करती है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण भाजपा की आत्मा है और यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि “व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण” के मूलमंत्र के साथ यह अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम है। राजनीति सेवा का माध्यम है और सेवा वही कर सकता है जो विचार से प्रतिबद्ध और व्यवहार से सक्षम हो। प्रशिक्षण कार्यकर्ता की क्षमता और प्रदर्शन के बीच की खाई को पाटता है तथा उसे जनसंवाद, संगठनात्मक दायित्व और मर्यादित व्यवहार के लिए तैयार करता है।
चौधरी ने कहा कि राजनीतिक जीवन में संयमित और शालीन संवाद बेहद जरूरी है, क्योंकि समाज व्यक्ति के व्यवहार को लंबे समय तक याद रखता है। भाजपा का उद्देश्य केवल सक्रिय नहीं, बल्कि संस्कारित, ईमानदार और सक्षम कार्यकर्ता तैयार करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से तकनीक-सक्षम और तथ्यपरक बनने की अपील करते हुए कहा कि आधुनिक समय में डिजिटल जागरूकता भी आवश्यक है, ताकि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकें।
कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ एवं चुनाव प्रबंधन, उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार ने विचार परिवार, जबकि बिहार के प्रदेश महामंत्री (संगठन) भीखूभाई दलसानिया ने संगठन की कार्यपद्धति पर प्रशिक्षण दिया।
प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य ने राष्ट्रीय चुनौतियों, राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने भाजपा के इतिहास एवं विकास, तथा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक वरुण झावेरी ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर सत्र लिया।
वक्ताओं ने प्रशिक्षण को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं में दायित्व बोध, वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास होता है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
