Aapka Rajasthan

प्रधानमंत्री पर कथित टिप्पणी को लेकर वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

वाराणसी, 14 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में गुरुवार को वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए सपा सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की।
 
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए गए और समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया गया। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सपा सांसद माफी नहीं मांगते, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सारिका गुप्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग पूरे देश और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।

उन्होंने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह बेहद शर्मनाक है। हम मांग करते हैं कि अजेंद्र सिंह लोधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्हें पार्टी से बाहर करें।”

निर्मला सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार राजनीतिक लाभ के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहा है, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

गौरतलब है कि हमीरपुर-महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी सोमवार को महोबा में स्मार्ट मीटर और अन्य जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। बताया गया कि वह सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने गए थे। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।

मामले के तूल पकड़ने के बाद भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की शिकायत पर महोबा के कोतवाली नगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सपा सांसद और उनके समर्थकों ने बिना अनुमति प्रदर्शन और घेराव किया, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हुई और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवम पांडेय को सौंपी गई है। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम