पीएम मोदी के नेतृत्व के 25 साल पूरे, भाजपा नेताओं ने कहा- हर क्षेत्र में व्यापक बदलाव और विकास हुआ
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के तौर 25 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक जिम्मेदारी संभालने वाले नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए जनसेवा के कार्यों और उनसे हुए लाभों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, वर्ष 2047 तक भारत को 'विकसित भारत' बनाने के लक्ष्य की दिशा में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
जेडीयू के प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, "आज से 25 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की कमान संभाली थी। हालात मुश्किल थे, कई प्राकृतिक आपदाएं आई थीं, जिनमें भुज का भयानक भूकंप भी शामिल था, और साथ ही सामाजिक तनाव भी बढ़ रहा था। मुख्यमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी जी ने न सिर्फ़ अपनी ज़िम्मेदारियां निभाईं, बल्कि 'वाइब्रेंट गुजरात' और 'गुजरात मॉडल' को देश और दुनिया भर में पहचान भी मिली।"
हैदराबाद में शिवसेना के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एस शिवाजी ने कहा कि शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश की सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में जश्न मनाने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भी इस अवसर को उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है।
हैदराबाद में भाजपा नेता भरत गौड़ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से 7 अक्टूबर 2026 तक पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कर्नाटक के विजयपुरा में भाजपा कार्यकर्ता सुरेश बिरदार ने कहा कि पार्टी पूरे भारत में प्रधानमंत्री मोदी के शासन के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रही है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान देश के हर क्षेत्र में व्यापक बदलाव और विकास हुआ है।
हरियाणा के जींद में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में लगभग 12.5 वर्षों के दौरान मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्य जनता के सामने हैं।
विजयपुरा में भाजपा सांसद रमेश जिगाजिनागी ने 'सेवा ज्योति यात्रा' के दौरान संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के व्यवहार की आलोचना की। वहीं, बीदर में भाजपा विधायक शैलेंद्र बेलडाले ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन की सराहना करते हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम इस उपलब्धि का प्रतीक है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की निरंतर प्रगति का भरोसा जताया।
कोलकाता में भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि दुनिया में किसी अन्य नेता के पास प्रधानमंत्री मोदी जैसा रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता के साथ, जनता के बीच और जनता के लिए काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने पर पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री शंकर घोष ने कहा, "हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 साल का सफ़र न सिर्फ़ हमारे देश में, बल्कि दुनिया में भी एक अभूतपूर्व घटना है। पहले एक राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर और बाद में देश के प्रधानमंत्री के तौर पर, जिस तरह से उन्होंने राज्य और देश को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है, उससे पता चलता है कि उन्होंने किस तरह का काम किया है।"
--आईएएनएस
एसएके/एएस
