Aapka Rajasthan

यूपी में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान', योजनाओं का होगा प्रचार

लखनऊ, 31 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष की सेवा और सुशासन को केंद्र में रखते हुए भाजपा उत्तर प्रदेश में एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। लखनऊ में आयोजित बैठक और कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
 

लखनऊ, 31 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष की सेवा और सुशासन को केंद्र में रखते हुए भाजपा उत्तर प्रदेश में एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। लखनऊ में आयोजित बैठक और कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा नेताओं के मुताबिक, अभियान के तहत पीएम मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों, केंद्र सरकार की योजनाओं और उनके लाभ को बूथ स्तर तक जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। इस बार अभियान को 13 सूत्रीय कार्यक्रमों से जोड़ा गया है।

उत्तर प्रदेश के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत 13 विशेष अभियान निर्धारित किए गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में देश, गरीबों और समाज के लिए जो काम किए हैं तथा सरकार की योजनाओं के जरिए लोगों को जो लाभ मिला है, उसकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूरे होना सभी के लिए गौरव की बात है। पार्टी के कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर जाकर सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। इनमें आयुष्मान कार्ड, पक्के मकान, शौचालय, बिजली और गैस कनेक्शन तथा राशन जैसी सुविधाओं को प्रमुखता से बताया जाएगा। अग्रवाल ने कोविड महामारी के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए गए प्रयासों को भी जनता तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभार्थियों से संवाद अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।

मंत्री जेपीएस राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा को अपना संकल्प बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री ने समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है। राठौड़ ने सफाई कर्मचारियों के सम्मान से जुड़े प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे समाज को बड़ा संदेश मिला है।

मंत्री धर्मपाल प्रजापति ने कहा कि हर वर्ष यह अभियान चलाया जाता है और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि सरकार की नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचे। जनसेवा के कार्यक्रमों के जरिए लोगों को राहत देने, उनका सम्मान करने और उन्हें सरकार के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि इस बार 'सेवा संकल्प' अभियान 13 सूत्रीय कार्यक्रमों पर आधारित होगा। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर इन कार्यक्रमों को संचालित करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलता था, लेकिन इस बार इसकी अवधि बढ़ाकर एक महीना कर दी गई है। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्हें अभियान के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई।

मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की सेवा और सुशासन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। बैठक में स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को अभियान की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि 17 सितंबर से कार्यक्रमों को किस तरह संचालित किया जाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा और संकल्प यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्षों के कार्यों को जनता के बीच ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पार्टी कार्यकर्ता सरकार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी