प्रधानमंत्री की ट्रंप से मुलाकात पर भाजपा सांसद बोले- 'दुनिया में भारत की छवि मजबूत कर रहे पीएम मोदी'
नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 'वसुधैव कुटुंबकम' को आधार बनाकर वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को मजबूत कर रहे हैं।
भाजपा सांसद विजय बघेल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भारत और रूस के संबंध हमेशा से मजबूत और मैत्रीपूर्ण रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सभी देशों के साथ बेहतर और संतुलित संबंध स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
सांसद विजय बघेल ने कहा, "भारत 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना में विश्वास करता है और प्रधानमंत्री मोदी इसी सिद्धांत को आधार बनाकर वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को मजबूत कर रहे हैं। दूसरे देशों के मन में भारत के प्रति क्या भावना है, वो जानें, लेकिन हम हमेशा सभी को साथ लेकर चलने की भावना रखते हैं। इसी को प्रधानमंत्री मोदी ने सिद्ध किया है।"
उन्होंने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप हमेशा पीएम मोदी का सम्मान करते हैं। उसी तरह पीएम मोदी भी उनका सम्मान करते हैं। निश्चित रूप से दोनों नेताओं के रिश्ते अच्छे रहेंगे।" इसके साथ ही, विजय बघेल ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भारत के विश्व के सभी देशों के साथ संबंध हमेशा मधुर, मजबूत और सहयोगपूर्ण बने रहें।
राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर प्रशंसा की है और भारत को एक महान देश बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह भारत की मदद के लिए हमेशा तैयार हैं। राष्ट्रपति ट्रंप अक्सर अपने बयानों से लोगों को चौंकाते रहे हैं, लेकिन मेरा मानना है कि इस बार उन्होंने बहुत सकारात्मक बात कही है। उन्होंने भारत आने की इच्छा भी जताई है।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप आने वाले समय में भारत की प्रगति देखकर यहां की सराहना करेंगे।" उज्ज्वल निकम ने आगे कहा, "भारत की हमेशा कोशिश रही है और उसने कभी पहले आक्रमण करने पर जोर नहीं दिया। भारत ने हमेशा कहा है कि वह संरक्षण के लिए बिल्कुल तैयार रहेगा और इसी बात से 'ऑपरेशन सिंदूर' होने के बाद पूरे विश्व में हमारी एक अच्छी मिसाल बनी है। यही हमारे प्रधानमंत्री की काबिलियत है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
