प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाने के साथ जनता का अंधेरा भी दूर किया जाए : जीतू पटवारी
भोपाल,17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश के उज्जैन में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। इस आयोजन को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि जनता के सवालों के अंधेरे को भी दूर करना जरूरी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को संबोधित करते हुए लिखा कि आप प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाने आ रहे हैं। लेकिन जरा सोचिए, यह दीया कहीं उस ताली-थाली की याद तो नहीं दिलाएगा, जो कोरोना के संकट के बीच बजवाई गई थी? यह दीया क्या वैसा ही है, जब प्रधानमंत्री ने नोटबंदी की कतार में अपनी मां खड़ा करवा दिया?
उन्होंने तंज भरे अंदाज में आगे लिखा कि क्या यह दृश्य उस दौर जैसा तो नहीं है, जब रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था? 12 साल में अगर जनता की जिंदगी में बेहतर शिक्षा मिली हो, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हों, सड़कें बेहतर हुई हों,युवाओं को रोजगार मिला हो, किसानों की आय बढ़ी हो, तो जरूर जलाइए दीया।
जनता की समस्याओं का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने आगे कहा कि अगर आम आदमी आज भी महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अव्यवस्था से जूझ रहा है, तो सवाल यह है, यह विकास का दीया है या जनता की तकलीफों पर रोशनी डालने की सियासी नौटंकी?
उन्होंने आगे कहा कि फिर भी इस तर्क के साथ प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं कि लोकतंत्र में दीया जलाने से पहले जनता के सवालों का अंधेरा दूर करना भी जरूरी है।
दरअसल, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से भारतीय जनता पार्टी सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत करने जा रही है। यह कार्यक्रम एक माह चलेगा। वहीं, 17 सितंबर गुरुवार को उज्जैन में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया है 'आशीर्वाद का दीया'। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे।
--आईएएनएस
एसएनपी/एसके
