प्रदर्शनकारी छात्रों पर फिर भड़कीं कंगना रनौत, पूछा- 'क्या सुप्रीम कोर्ट के वकील की फीस दे पाएंगे?'
नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर 'जेनजी' की आलोचना करने वाले पोस्ट पर जारी बवाल के बीच भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को संसद परिसर में मीडिया से बात की। उन्होंने परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ हाल ही में हुए प्रदर्शन के दौरान युवाओं द्वारा इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा पर कड़े सवाल उठाए और पूछा कि अगर भविष्य में इन युवाओं को कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए सुप्रीम कोर्ट के वकीलों की जरूरत पड़ी, तो क्या वे या उनके माता-पिता उसका खर्च उठा पाएंगे?
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कंगना रनौत ने कहा, ''हम सभी अपने छात्र जीवन में विरोध-प्रदर्शनों का हिस्सा रहे हैं, लेकिन ये किस तरह के छात्र हैं और कैसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं? ये कहां से छात्र नजर आते हैं? अगर भविष्य में इन लोगों को अदालत के चक्कर लगाने पड़ें और सुप्रीम कोर्ट के वकीलों या कानूनी मदद की जरूरत पड़ी, तो क्या इनके माता-पिता उनका खर्च उठा पाएंगे? इन युवाओं के पास खुद तो इतने साधन हैं नहीं कि वे इतनी भारी फीस दे सकें।''
उन्होंने आगे कहा, ''भले ही हमें ट्रोल किया जाता हो, लेकिन हमने 16 साल की उम्र से ही अपना करियर खुद बनाया है। हम कभी अपने माता-पिता पर बोझ नहीं बने। हमारे समाज में कई माता-पिता रूढ़िवादी विचारधारा के होते हैं, हम जानते हैं कि भारतीय समाज कैसा है। इसके बावजूद उनकी बेटियां इस तरह की अभद्र और गंदी भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं।''
कंगना ने कहा, ''ऐसी भाषा से उनके माता-पिता की समाज में क्या इज्जत रह जाएगी? उन्हें किन विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा? क्या ये युवा इस बारे में थोड़ा भी सोचते हैं? समाज के तौर पर ऐसी हरकतें हमें किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं।''
इससे पहले कंगना ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा, ''सड़कों पर जिन प्रदर्शनकारियों को आम जनता पीट रही है और जिन्हें गालियां पड़ रही हैं, यह उनकी अपनी गंदी और अभद्र रील्स की वजह से है। उन्हें यह समझना होगा कि जब आप बोलते हो, तो सुनना भी पड़ेगा।''
कंगना ने लिखा, ''अगर आप सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, तो वही जनता आपको भी नुकसान पहुंचाएगी। अगर आपको देश और सरकार से परेशानी है और आपने सार्वजनिक रूप से खूब गंदी-गंदी गालियां दी हैं, तो अब उन लोगों की भी सुनिए जो इस देश से प्यार करते हैं और वोट की ताकत से इस सरकार को चुनकर लाए हैं, क्योंकि बोलने का हक उनका भी है।''
कंगना ने अपने पोस्ट में कहा, ''अब रोने वाली कोई बात नहीं है। हर क्रिया की एक बराबर और विपरीत प्रतिक्रिया होती है। अगर अब तक पढ़ाई करके 'कारण और प्रभाव' समझ नहीं आया है, तो अब आ जाएगा... और बहुत अच्छे से समझ आ जाएगा।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
