पुंछ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाका चेकिंग में 12 मवेशी बचाए, 3 एफआईआर दर्ज
सुरनकोट, 1 नवंबर (आईएएनएस)। मवेशियों के अवैध परिवहन के खिलाफ जारी अभियान के तहत सुरनकोट पुलिस स्टेशन ने 30 और 31 अक्टूबर, 2026 को नियमित नाका चेकिंग के दौरान तीन वाहनों को रोककर तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कीं।
30 अक्टूबर को नाका चेकिंग कर रही पुलिस टीमों ने दो टाटा मोबाइल वाहनों को रोका। जांच करने पर, वाहनों में कुल 10 मवेशी लदे पाए गए। चालक जिला मजिस्ट्रेट से आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना पशुओं का परिवहन कर रहे थे।
तदनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत सुरनकोट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।
इसी प्रकार, 31 अक्टूबर, 2026 को नाका चेकिंग के दौरान एक अन्य टाटा मोबाइल गाड़ी को रोका गया। जांच करने पर गाड़ी में दो मवेशी लदे पाए गए, जिन्हें जिला मजिस्ट्रेट की आवश्यक अनुमति के बिना ले जाया जा रहा था। इस संबंध में, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत एफआईआर सुरनकोट पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई। तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले 31 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपियों की लगभग 2.5 करोड़ रुपए मूल्य की दो आवासीय संपत्तियां जब्त की हैं।
अनंतनाग पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि पहली कार्रवाई श्रीगुफवारा थाना क्षेत्र में हुई, जहां शितिपुरा निवासी असदुल्लाह भट के बेटे, आरोपी अब्दुल रशीद भट का लगभग 1 करोड़ रुपए मूल्य का दो मंजिला आवासीय मकान जब्त किया गया। यह जब्ती एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत की गई। आरोपी एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत दर्ज एफआईआर में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में, आशमुकाम के फ्रस्तवार निवासी मोहम्मद अकरम के बेटे, आरोपी मोहम्मद यूसुफ उर्फ शब्बीर अहमद की लगभग 1.5 करोड़ रुपए मूल्य की दो मंजिला आवासीय इमारत को जब्त किया गया। यह कार्रवाई भी एनडीपीएस एक्ट के संबंधित प्रावधानों के तहत की गई। यह अभियान एसडीपीओ पहलगाम की देखरेख में, इलाके के चौकीदार और नंबरदार की मौजूदगी में चलाया गया।
--आईएएनएस
एमएस/
