Aapka Rajasthan

पोंगल अब वैश्विक पर्व, तमिल संस्कृति पूरी मानवता की साझा विरासत : पीएम मोदी

नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरुगन के आवास पर आयोजित पोंगल उत्सव में शामिल हुए। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी झलकियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि पोंगल आज एक वैश्विक पर्व बन चुका है, जिसे विश्व भर में तमिल संस्कृति से प्रेम करने वाले लोग उत्साह के साथ मनाते हैं।
 
पोंगल अब वैश्विक पर्व, तमिल संस्कृति पूरी मानवता की साझा विरासत : पीएम मोदी

इसके साथ ही पीएम मोदी ने पोंगल उत्सव से जुड़ा वीडियो शेयर किया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल भाषा में शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वयं भी तमिल संस्कृति से गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं और इस पर्व को सभी के साथ मनाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। पोंगल तमिल जीवन में केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि किसानों के परिश्रम, धरती और सूर्य के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति, परिवार और समाज के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने उल्लेख किया कि इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में लोहड़ी, मकर संक्रांति और माघ बिहू जैसे कई पर्व मनाए जा रहे हैं, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता को दर्शाते हैं।

पीएम मोदी ने पिछले वर्ष तमिल संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के अनुभव साझा किए। उन्होंने गंगईकोंडा चोलपुरम के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना, काशी तमिल संगमम में सांस्कृतिक एकता की अनुभूति और रामेश्वरम में पंबन सेतु के उद्घाटन के दौरान तमिल इतिहास की महानता को स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि तमिल संस्कृति न केवल भारत बल्कि पूरी मानवता की साझा विरासत है और पोंगल जैसे पर्व ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विश्व की लगभग सभी सभ्यताओं में फसल से जुड़े पर्व मनाए जाते हैं। तमिल संस्कृति में किसान को जीवन का आधार माना गया है, जिसका उल्लेख तिरुक्कुरल में भी मिलता है। उन्होंने कहा कि किसान राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत अभियान को शक्ति प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत कृषि की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पोंगल हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देता है। मिशन लाइफ, ‘एक पेड़ मां के नाम’ और अमृत सरोवर जैसे अभियान इसी दिशा में कदम हैं। टिकाऊ कृषि, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और कृषि प्रौद्योगिकी में युवा अहम भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने तमिल संस्कृति को विश्व की सबसे प्राचीन जीवित सभ्यताओं में से एक बताते हुए कहा कि भारत अपनी जड़ों से शक्ति लेकर भविष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने तमिल में शुभकामनाएं देते हुए सभी को पोंगल की हार्दिक बधाई दी।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम