Aapka Rajasthan

'पुलिस में शिकायत करने से बच्चों का भविष्य खराब होगा', दीपक चाहर का बल्ला चोरी होने पर बोले पिता लोकेंद्र चाहर

आगरा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर दीपक चाहर का बल्ला सोमवार की रात उनके पिता की क्रिकेट अकादमी से अभ्यास के दौरान चोरी हो गया था। चाहर ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। चाहर के पिता लोकेंद्र चाहर ने कहा है कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वह अपनी अकादमी के बच्चों का भविष्य खराब नहीं करना चाहते।
 

आगरा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर दीपक चाहर का बल्ला सोमवार की रात उनके पिता की क्रिकेट अकादमी से अभ्यास के दौरान चोरी हो गया था। चाहर ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। चाहर के पिता लोकेंद्र चाहर ने कहा है कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वह अपनी अकादमी के बच्चों का भविष्य खराब नहीं करना चाहते।

लोकेंद्र सिंह चाहर ने आईएएनएस से कहा, "यह घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। भारी बारिश की चेतावनी के बाद मैंने अकादमी में छुट्टी कर दी थी। सिर्फ दीपक और कुछ और बच्चे यहां रुके थे। वे लोग शेड में अभ्यास कर रहे थे। वहीं उनका किट बैग रखा हुआ था। दीपक उस समय गेंदबाजी कर रहे थे। बारिश बंद होने के बाद रात आठ बजे के करीब वे फिर रोशनी में अभ्यास करने लगे। किट बैग शेड में ही छूट गया। वे लोग अभ्यास के बाद जब शेड में लौटे तो देखा कि बैग से उनके तीन बैट गायब थे।"

दीपक चाहर के पिता ने कहा, "मेरे हिसाब से दो चीजें हो सकती हैं। पहला, हो सकता है कि हमारी अकादमी के ही किसी बच्चे ने बैट छिपा दिया हो, या फिर बाहर के लोग जो अभ्यास देखने के लिए आते रहते हैं, वे ले गए हों। अकादमी के बच्चे मेरे बच्चे हैं। मैं नहीं चाहता कि मैं किसी पर संदेह करूं। मैंने कैमरे भी चेक करवाए हैं। उनमें कुछ भी नहीं मिला। मुझे नहीं लगता कि अगर बाहर का कोई भी बैट ले गया होगा तो वापस करेगा। मैंने पुलिस में शिकायत इसलिए नहीं की क्योंकि मैं अपनी अकादमी में आने वाले बच्चों का भविष्य खराब नहीं करना चाहता।"

उन्होंने कहा, "दीपक के जिन बल्लों की चोरी हुई है, वे खास बल्ले थे और कंपनी विशेष रूप से इन बल्लों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के लिए बनाती है। दीपक को कंपनी की तरफ से ही बल्ला मिला था। बैट उसके पसंदीदा थे और वह इन बल्लों से खेलने में काफी सहज था। इसी वजह से उसने सोशल मीडिया पर इस विषय को रखा। एक बल्ले की कीमत करीब 50 हजार रुपये है।"

दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर बैट चोरी होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि जिसने भी बल्ला चुराया है, उसे कीमत का अंदाजा नहीं होगा। वह या तो टेनिस बॉल से खेलेगा या फिर बेच देगा। अगर चोरी करने वाले को पैसे की जरूरत थी, तो उसे मुझे बताना चाहिए था। मैं पैसे दे देता। अगर अब भी मुझे बल्ला वापस कर दिया जाता है, तो चोरी करने वाले को मैं पैसे दूंगा।

--आईएएनएस

पीएके