पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जाना हाल
लखनऊ, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुलिस स्मृति दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्तव्य पालन के दौरान एक साल में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात कर सम्मानित किया और उनका कुशलक्षेम जाना। परिजनों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें भी रखीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
शहीद प्रदीप कुमार की पत्नी मयूरी वर्मा ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि उनके पति जालौन में तैनात थे और वर्ष 2026 में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें लगातार सहयोग मिला है। इसके लिए उन्होंने विभाग का आभार जताया।
मयूरी वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात कर आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी परेशानी के दौरान उनके परिवार को पूरा सहयोग दिया जाएगा। मयूरी वर्मा ने बताया कि उनकी पेंशन शुरू हो गई है, नौकरी के लिए आवेदन किया जा चुका है और सहायता राशि भी मिल गई है।
वहीं, शहीद रोहित यादव की पत्नी निशा यादव ने बताया कि उनके पति की एक कंपनी में आग लगने की घटना में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार को सम्मान दिया और उनकी पूरी बात सुनी।
1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव तथा जालौन के उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार और आरक्षी प्रदीप कुमार शामिल हैं।
कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन वीर पुलिसकर्मियों के साहस और समर्पण पर प्रदेश का पुलिस बल गौरवान्वित है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
