Aapka Rajasthan

पुलिस मुठभेड़ में लूटपाट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

नोएडा, 21 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-2 पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ सन्नी उर्फ आदि और नसीम अली उर्फ रियाज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की घटना से संबंधित 1.50 लाख रुपये नकद, लूटी गई चेन का एक टुकड़ा, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की एक एफजेड मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

नोएडा, 21 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-2 पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ सन्नी उर्फ आदि और नसीम अली उर्फ रियाज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की घटना से संबंधित 1.50 लाख रुपये नकद, लूटी गई चेन का एक टुकड़ा, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की एक एफजेड मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 20 और 21 नवंबर की मध्यरात्रि को थाना फेस-2 पुलिस की टीम गोपनीय सूचना के आधार पर एनएसईजेड गंदा नाला पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ सन्नी (21) निवासी ग्राम मथुरापुर, थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर और नसीम अली उर्फ रियाज (23) निवासी ग्राम अर्जुनी सिमरई, थाना राजा का रामपुर, एटा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों अभिषेक कुमार और मनोज उर्फ मल्लाह के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 30 अक्टूबर को नया गांव के पास हुई लूट की वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।

पूछताछ के मुताबिक चारों बदमाशों ने रात के समय दो स्कूटी सवार व्यक्तियों को तमंचे के बल पर रोक लिया था। इसके बाद उनसे एक बैग और गले की चेन लूटकर फरार हो गए थे। आरोपियों को बैग में करीब 1.75 लाख रुपये मिले थे। इसमें से लगभग 25 हजार रुपये उन्होंने खर्च कर दिए थे जबकि शेष 1.50 लाख रुपये आपस में बांट लिए थे। लूटी गई चेन को भी चार हिस्सों में बांट लिया गया था। आदित्य ने पूछताछ में बताया कि उसके हिस्से में आई चेन का एक टुकड़ा उसके पास मौजूद था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे चारों बदमाश वारदातों को अंजाम देने के लिए अलग-अलग दो मोटरसाइकिलों से निकले थे। उनकी योजना अलग-अलग स्थानों पर लूटपाट करने की थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले मोटरसाइकिल चोरी करके सेक्टर-63 में छिपाकर खड़ी की थीं। मौका मिलने पर इन मोटरसाइकिलों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बराबर बांटने की योजना थी। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बरामद एफजेड मोटरसाइकिल भी आरोपियों ने दिल्ली में एक पार्क के पास से चोरी की थी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आदित्य उर्फ सन्नी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और अवैध हथियारों से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना सेक्टर-58 में वर्ष 2023 का लूट का मुकदमा, वर्ष 2025 में चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामले तथा थाना बिसरख में शस्त्र अधिनियम का मामला शामिल है। इसके अलावा इंदिरापुरम और खोड़ा थाने में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी नसीम अली उर्फ रियाज के खिलाफ भी गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध हथियार रखने से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें ईकोटेक-3, सेक्टर-39 और फेस-2 थाने के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक तमंचा, चार कारतूस, 1.50 लाख रुपये नकद, लूटी गई चेन का एक टुकड़ा तथा चोरी की एफजेड मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब इनके फरार दोनों साथियों अभिषेक कुमार और मनोज उर्फ मल्लाह की तलाश कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर दिल्ली-एनसीआर में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम