Aapka Rajasthan

पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाश लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों से करते थे लूटपाट

नोएडा, 2 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एक नवंबर 2026 को कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया।
 

नोएडा, 2 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एक नवंबर 2026 को कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो अवैध चाकू, लूट और चोरी से संबंधित दो मोटरसाइकिल तथा एक ब्रेसलेट बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27 वर्ष), निवासी मिठापुर, दिल्ली और राजेश उर्फ ढेड़ा (38 वर्ष), निवासी बसई, थाना फेस-3, नोएडा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मुठभेड़ में घायल हो गए थे।

वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान बहलोलपुर अंडरपास से सेक्टर-63 की ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर शंकर शर्मा (20 वर्ष), निवासी सुत्याना, थाना ईकोटेक-3 और कपिल कश्यप (20 वर्ष), निवासी बसई, थाना फेस-3 को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में गिरोह के अपराध करने का तरीका सामने आया है। आरोपी किराये पर गाड़ी लेकर रात के समय सड़कों पर घूमते थे। इस दौरान वे यात्रियों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठा लेते थे। इसके बाद अवैध हथियारों का भय दिखाकर उनके साथ मारपीट करते और नकदी, आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।

वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ितों को किसी सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। दोनों तमंचों की नाल में एक-एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था। इसके अलावा दोनों तमंचों के साथ एक-एक जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू भी मिले हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में एक बुलेट बाइक थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमे से संबंधित है, जबकि दूसरी अपाचे मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमा से संबंधित बताई गई है। इसके अलावा एक ब्रेसलेट भी बरामद हुआ है, जो थाना सेक्टर-63 में दर्ज मुकदमा से संबंधित है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विकास उर्फ कालू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ नोएडा के सेक्टर-20, सेक्टर-39, फेस-2, फेस-3, ईकोटेक-3 और नॉलेज पार्क थानों में लूट, चोरी, चोरी का सामान रखने, गैंगस्टर एक्ट और अवैध हथियारों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज होते रहे हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में थाना सेक्टर-63 में दर्ज लूट के मामले में भी उसका नाम सामने आया है।

वहीं, राजेश उर्फ ढेड़ा के खिलाफ भी थाना फेस-3, सेक्टर-39, सेक्टर-58, सेक्टर-24 और बिसरख में लूट, चोरी, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शंकर शर्मा के खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में वर्ष 2023 के दौरान चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2025 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, कपिल कश्यप के खिलाफ दिल्ली के धौला कुआं थाने में वर्ष 2026 में मुकदमा दर्ज होने के साथ ही थाना सेक्टर-63 में दर्ज मुकदमा में भी उसका नाम सामने आया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी