पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, एक आरोपी गिरफ्तार
गोंडा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की छपैया थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया। उनके पास चोरी के आभूषण, 17,100 रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई।
गोंडा के अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपैया ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उन्होंने बताया कि 26 अगस्त की रात करीब आठ बजे छपैया थाने की पुलिस और एसओजी टीम बिरहीपुर बाग के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक में सवार बदमाश संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी तिलकराम उर्फ झिन्कू निवासी भेलखा के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह जख्मी हो गया। इस पर टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने छपैया, खोड़ारे, कोतवाली देहात और परसपुर थाना क्षेत्रों में लूट व चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से छपैया थाना क्षेत्र में 25 मई और 28 जून की रात घर में घुसकर मारपीट कर की गई लूट/चोरी की दो बड़ी घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि तिलकराम के खिलाफ गोंडा और बस्ती जनपद में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 25 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गोंडा के अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तारी के दौरान हुई कार्रवाई में वह घायल हुआ। उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और जिला अस्पताल रेफर किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना छपैया में धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब उससे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है और बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी
