'पुलिस का डर खत्म, दिल्ली बनी क्राइम कैपिटल', मयूर विहार फेज 3 में हत्या के बाद 'आप' ने सरकार पर बोला हमला
नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज 3 में एक व्यक्ति की हत्या के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो गया है और अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं रहा है।
आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए, "दुर्गा मंदिर गेट के पास एक सिक्योरिटी गार्ड तैनात था और उसके सामने हत्या कर दी गई। गार्ड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह उसे कैसे बचा सकता था? हो सकता था कि वह खुद भी मारा जाता।"
उन्होंने कहा, "आज पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो गया है और अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं रहा। दिल्ली क्राइम कैपिटल बन गई है। अकेले मेरे चुनाव क्षेत्र में पिछले एक महीने में सात-आठ हत्याएं हुई हैं। लगातार हत्याएं हो रही हैं। हम जवाब मांग रहे हैं कि ये हत्याएं क्यों हो रही हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। स्थानीय सांसद के पास कोई जवाब नहीं है।"
आप विधायक ने कहा, "देश की राजधानी दिल्ली अब अपराध की राजधानी बन चुकी है। कोंडली क्षेत्र में और 10 प्रतिशत अधिक अपराध हो रहा है। दिल्ली पुलिस और भाजपा मौन बैठी हुई है।"
पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मयूर विहार फेज 3 में सुबह करीब 5 बजे एक व्यक्ति की डंडों और रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
वहीं, घटनास्थल पर व्यक्ति को बचाने की कोशिश करने वाले सिक्योरिटी गार्ड ने आईएएनएस से कहा, "रविवार तड़के करीब 4 बजे का समय था। दो आदमी थे। मैंने उन्हें देखा तो उन्होंने मुझे धमकाया, इसलिए मैं वहां से हट गया।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
