Aapka Rajasthan

पुलिस भर्ती में शिवपाल डीजीपी और अखिलेश ठेका-पट्टा की पर्ची देते थे : ओम प्रकाश राजभर

बलिया, 15 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'विभाग बंटवारे की पर्चियां ऊपर से आने' का बयान देकर योगी सरकार पर तंज कसा। अब यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
 
पुलिस भर्ती में शिवपाल डीजीपी और अखिलेश ठेका-पट्टा की पर्ची देते थे : ओम प्रकाश राजभर

बलिया, 15 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'विभाग बंटवारे की पर्चियां ऊपर से आने' का बयान देकर योगी सरकार पर तंज कसा। अब यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अखिलेश पांच साल मुख्यमंत्री थे, तो उनके यहां पर्ची कहां से आती थी। जिस तरह पुलिस की भर्ती में शिवपाल यादव डीजीपी को पर्ची देते थे, और ठेका-पट्टा पर अखिलेश पर्ची देते थे, वही उनके दिमाग में चल रहा है। अगर मंत्रिमंडल विस्तार में देरी हो रही है, तो इससे उन्हें क्या तकलीफ है। उन्हें जो तकलीफ है, वह बताएं।"

दरअसल, इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा था, "यूपी में, मंत्रियों के नामों के बाद, अब क्या उनके विभागों के लिए 'पर्चियां' भी ऊपर से ही आएंगी? मंत्रालयों के बंटवारे में देरी की असली वजह बस यही है कि मंत्रालयों-विभागों से होने वाली 'कमीशन-कमाई' के बंटवारे को लेकर 'डबल इंजन' आपस में ही टकरा रहे हैं। लंबे इंतजार के बाद नियुक्त हुए नए मंत्री तो बस गैलरी में बैठे बेचारे दर्शक बनकर रह गए हैं, जो गेंद को इधर-उधर जाते देख रहे हैं। भाजपा का यह 'डबल इंजन' बाकी सभी मंत्रियों को किनारे लगा देता है।"

राजभर ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर कहा, "पूरा देश इस समय युद्ध की चपेट में पहुंच चुका है। ईरान और अमेरिका के युद्ध की वजह से पड़ोसी देश उससे प्रभावित हो रहे हैं। हमारे यहां ईरान से तेल और सीएनजी आता है। युद्ध की वजह से आवाजाही बंद हो गई है, जिसके कारण इनके दाम बढ़े हैं।"

उन्होंने कहा, "पीएम मोदी का हमेशा प्रयास रहता है कि शांति बनी रहे। वह शांति का संदेश लेकर दुनियाभर में जाते रहते हैं ताकि लोग अमन-चैन से रहें और लड़ाई नहीं करें। सभी देश मिलजुलकर आयात-निर्यात करते रहें।"

उन्होंने टीएमसी के पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा पर हेरा-फेरी का आरोप लगाने और केंद्रीय बल की मदद लेने के आरोप पर निशाना साधते हुए कहा, "चुनाव हारने के बाद यही आरोप लगते हैं। पिछले चुनाव में जब तृणमूल ने जीत दर्ज की, तो उस समय कोई आरोप नहीं लगा। उसके पहले भी सरकार बनी थी, तो उस समय भी कोई आरोप नहीं लगा। लेकिन चुनाव हारने के बाद वह आरोप लगाते हैं। उनका आरोप निराधार है और उसमें कोई दम नहीं है। सभी के लिए कोर्ट का दरवाजा खुला है। ममता बनर्जी हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट जाएं, तो सभी के लिए दरवाजा खुला है।"

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम