पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 13 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के दादरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार, 13 नवंबर को पुलिस और घरों में चोरी करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर दादरी क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चोरी की मोटरसाइकिल और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को थाना दादरी पुलिस की टीम आरवी नॉर्थलैंड के पास नई बस्ती मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें संदिग्ध मानते हुए रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार रुकने के बजाय तेजी से बाइक मोड़कर श्मशान घाट की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान साजिद उर्फ टिचकले उर्फ सतमोला (29 वर्ष), पुत्र अहमद सईद, निवासी मोहल्ला मेवातियान, कस्बा व थाना दादरी के रूप में हुई। वहीं, उसका साथी रिजवान उर्फ काले (28 वर्ष), पुत्र हनीफ बजरंगी, निवासी मोहल्ला मेवातियान, दादरी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल साजिद को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक महीने पहले दोनों ने मिलकर नया गांव बसंतपुर स्थित एक मकान में चोरी की थी। इसके अलावा दो दिन पहले उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सूरजपुर विहार कॉलोनी में एक बंद मकान को निशाना बनाया था।
दोनों वारदातों में चोरी किए गए आभूषणों को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। शुक्रवार को वे इन्हीं आभूषणों को बेचने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस की चेकिंग के दौरान उनका सामना हो गया। चोरी की इन घटनाओं के संबंध में थाना दादरी में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, पीली धातु की दो अंगूठियां और एक चेन बरामद की गई है। तमंचा और कारतूस घायल आरोपी साजिद के कब्जे से, जबकि अवैध चाकू रिजवान के कब्जे से बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साजिद उर्फ टिचकले उर्फ सतमोला का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ दादरी थाने में वर्ष 2020 में हत्या, लूट और चोरी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2023 और 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2026 में उसके खिलाफ चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। इस प्रकार उसके खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, दूसरे आरोपी रिजवान उर्फ काले के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जारचा और बादलपुर थाने में आर्म्स एक्ट के मामले, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दादरी थाने में वर्ष 2026 के दौरान चोरी से संबंधित दो मुकदमे भी दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरी की घटनाओं में शामिल उनके अन्य दो साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने क्षेत्र में अन्य किन-किन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और बरामद आभूषण किन घटनाओं से संबंधित हैं।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
