Aapka Rajasthan

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क बेंगलुरु पहुंचे, मंत्री कृष्णा बायरेगौड़ा ने किया गर्मजोशी से स्वागत

बेंगलुरु, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए बेंगलुरु के दौरे पर पहुंचे हैं। गुरुवार रात वे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
 

बेंगलुरु, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए बेंगलुरु के दौरे पर पहुंचे हैं। गुरुवार रात वे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

ग्रेटर बेंगलुरु विकास और संसदीय कार्य मंत्री कृष्णा बायरेगौड़ा ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर पोलैंड के प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के सचिव के.जी. जगदीश, बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इससे पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई थी, जिसमें दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों को और रफ्तार देने का संकल्प दोहराया।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दोनों देशों ने चार प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया है। इसमें द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना, रक्षा उद्योग संवाद स्थापित करना, आतंकवाद निरोधक संवाद शुरू करना और आपदारोधी बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना शामिल है।

बैठक के बाद विदेश मंत्रालय के पश्चिमी मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने बताया कि भारत और पोलैंड के बीच वर्ष 2025 में द्विपक्षीय व्यापार 6.36 अरब डॉलर तक पहुंच गया था। अब दोनों देश इसे 2030 तक दोगुना करने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही पोलैंड आपदा-रोधी अवसंरचना गठबंधन (सीडीआरआई) में भी शामिल होगा।

रक्षा क्षेत्र में सहयोग, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला, उभरती प्रौद्योगिकी और नवीकरणीय ऊर्जा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। पीएम मोदी और टस्क के बीच हुई वार्ता को भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को ठोस आर्थिक और सुरक्षा सहयोग में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बेंगलुरु दौरे के दौरान पोलैंड के प्रधानमंत्री कई बिजनेस और टेक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कर्नाटक सरकार और पोलिश प्रतिनिधिमंडल के बीच निवेश और तकनीक सहयोग पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी