Aapka Rajasthan

पीओके में खुलेआम हो रहा मानवाधिकारों का उल्लंघन: एमईए

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में प्रदर्शनकारियों और वहां की जनता के साथ हो रहीं हिंसा की निंदा की। मंगलवार को विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वो मानवाधिकार हनन के लिए पाकिस्तान से जवाब तलब करे।
 
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हो रही हिंसा में भारत के रुख को लेकर पूछे सवाल पर जायसवाल ने कहा, "हमारी पड़ोस में हो रही गतिविधियों पर पूरी और करीबी नजर है। हम देख रहे हैं कि कैसे पाकिस्तान में मानवाधिकारों का हनन किया जा रहा है। अब तक 90 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लोगों की मांगों का जवाब बुलेट और नेट बंदी से दिया जा रहा है। सब देख रहे हैं कि कैसे पाकिस्तान लोगों का उत्पीड़न कर रहा है।"

उन्होंने दुनिया को इस पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा, "मानवाधिकार का हनन होते हमने देखा। हमने देखा लोगों को किस कदर मारा गया, उनके साथ ज्यादती हुई। इसने एक बार फिर जता दिया कि पाकिस्तान को मानवाधिकार के क्षेत्र में अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। हाल की हिंसा में लोग मारे गए हैं। अब ये अंतरराष्ट्रीय समुदाय की जिम्मेदारी बनती है कि इस पर ध्यान दे और पाकिस्तान को इसके लिए जवाबदेह ठहराए।"

वहीं, पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हाल ही में संपन्न डिफेंस पैक्ट को लेकर एमईए प्रवक्ता ने कहा, "हम पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए हैं। हम भारत की सुरक्षा और इलाके की शांति और स्थिरता पर पड़ने वाले प्रभाव के नजरिए से इसे देख रहे हैं। भारत अपने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस बारे में जो भी आवश्यक होगा उसी हिसाब से कदम उठाएगा।"

हाल ही में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की ने मक्का डिफेंस पैक्ट पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत, किसी भी एक देश पर सैन्य हमला तीनों पर हमला माना जाएगा।

--आईएएनएस

केआर/