पीएम सूर्य घर योजना से गांधीनगर में रोशन हुए घर, 26 हजार से घटकर 3 हजार पर आया बिजली बिल
गांधीनगर, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना गुजरात के गांधीनगर में कई परिवारों के लिए बिजली बिल में राहत और बचत का माध्यम बन रही है। गांधीनगर के वावोल स्थित शालीन-2 सोसायटी में योजना के लाभार्थियों ने बताया कि घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगने के बाद उनके बिजली खर्च में कमी आई है। इससे बचने वाली रकम का उपयोग वे बच्चों की पढ़ाई, परिवार की जरूरतों और भविष्य की तैयारियों के लिए कर रहे हैं।
वावोल की शालीन-2 सोसायटी उस समय चर्चा में आई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं यहां योजना के लाभार्थियों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने उनके घरों पर लगाए गए सोलर पैनल देखे और योजना से मिल रहे लाभों के बारे में जानकारी ली थी। सोसायटी के निवासियों के अनुभव बताते हैं कि सौर ऊर्जा का इस्तेमाल उनके घरेलू बजट में बदलाव ला रहा है।
योजना के लाभार्थी गजसी सुथार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगवाया। इससे पहले उनके घर का बिजली बिल 20 हजार रुपए से अधिक आता था। सोलर प्लांट लगने के बाद उन्हें बिजली बिल में काफी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि बिजली खर्च में होने वाली बचत अब परिवार के दूसरे महत्वपूर्ण कामों में इस्तेमाल हो रही है। वह इस रकम को बच्चों की पढ़ाई और अन्य घरेलू जरूरतों पर खर्च कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी उनके घर भी पहुंचे थे और योजना के बारे में जानकारी ली थी। उनके लिए सोलर प्लांट लगवाना बिजली खर्च कम करने के साथ परिवार की आर्थिक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने में मददगार साबित हुआ है।
योजना की लाभार्थी जसीबेन सुथार ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना से महिलाओं और परिवारों को काफी मदद मिल रही है। बिजली बिल में बचत होने से परिवार के पास बच्चों की जरूरतें पूरी करने के लिए अधिक पैसे उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि घरेलू खर्च में राहत मिलने से परिवार की दूसरी जरूरतों पर ध्यान देना आसान हुआ है। बिजली बिल में होने वाली बचत का महत्व उन परिवारों के लिए और बढ़ जाता है, जिन्हें बच्चों की शिक्षा और घर के अन्य खर्चों के बीच संतुलन बनाना होता है।
पीएम सूर्य घर योजना की लाभार्थी उषाबेन पटेल ने कहा कि सरकार की योजनाएं लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि घर में सोलर प्लांट लगने से बिजली की बचत हो रही है और परिवार के नियमित खर्चों को पूरा करने में सहायता मिल रही है। बिजली बिल में कमी आने से बच्चों की जरूरतों और घर के अन्य खर्चों के लिए रकम बचाना आसान हुआ है। सोलर प्लांट परिवार के बजट को संभालने में मदद कर रहा है।
लाभार्थी प्रिया पटेल ने अपने अनुभव में बिजली बिल में आई कमी का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 25 से 26 हजार रुपए तक पहुंच जाता था। सोलर प्लांट लगवाने के बाद अब उनका बिजली बिल अधिकतम तीन से पांच हजार रुपए के बीच रहता है। पहले और अब के बिजली बिल में अंतर के कारण उनके परिवार को हर महीने अच्छी बचत हो रही है। इस रकम का इस्तेमाल बच्चों की उच्च शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकता है। उन्होंने अन्य लोगों से भी अपने घरों में सोलर प्लांट लगवाने की अपील की।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर परिवार बिजली खर्च में बचत कर सकते हैं। गांधीनगर के वावोल स्थित शालीन-2 सोसायटी के लाभार्थियों के अनुभव बताते हैं कि इस बचत का उपयोग केवल मौजूदा घरेलू जरूरतों के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के लिए भी किया जा सकता है।
--आईएएनएस
पीएसके/डीकेपी
