Aapka Rajasthan

पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, पंकज चौधरी बोले- ‘जनता की भावनाओं का अपमान’

लखनऊ, 22 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
 
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, पंकज चौधरी बोले- ‘जनता की भावनाओं का अपमान’

लखनऊ, 22 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं का भी अपमान है। पंकज चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से पूरी तरह दिशाहीन और जनसमर्थन विहीन हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के पास विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे मुद्दों पर कहने के लिए कुछ नहीं बचता, तब उसके नेता व्यक्तिगत टिप्पणियों और अमर्यादित भाषा का सहारा लेते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अजय राय के बयान को “निम्नस्तरीय” करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अजय राय के अस्वस्थ होने पर सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की थी, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेता उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब उसका “वास्तविक चेहरा” जनता के सामने आ चुका है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के शब्दों में कटुता, व्यवहार में अहंकार और राजनीति में केवल नकारात्मकता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। यही कारण है कि देश की जनता लगातार प्रधानमंत्री पर विश्वास जता रही है और कांग्रेस इसी जनसमर्थन से घबराकर इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रही है।

पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन मर्यादा और शालीनता भारतीय राजनीति की मूल आत्मा है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत अपमान और अभद्र टिप्पणियां कांग्रेस के राजनीतिक पतन को और तेज करेंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से अजय राय के बयान पर सार्वजनिक माफी मांगने और पार्टी नेताओं को संयमित एवं मर्यादित भाषा का प्रयोग करने की सीख देने की मांग भी की।

--आईएएनएस

विकेटी/डीएससी