पीएम मोदी पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भड़के भाजपा नेता, बोले- भाषा अनुचित, अभद्र और असंसदीय
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई 'गद्दार' वाली टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा अनुचित,अभद्र और असंसदीय है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "राहुल गांधी ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह न केवल अनुचित है बल्कि अभद्र और असंसदीय भी है।
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह बात उन्होंने हताशा में कही है और इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं। वह चीन के साथ किए गए करार को कब सार्वजनिक करेंगे। वह देशहित में है या देश के साथ गद्दारी है।
कर्नाटक से भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। मीडिया को इन्हें इग्नोर करना चाहिए। राहुल गांधी के बचकाने बयानों पर प्रतिक्रिया देकर हमें अपने समय को व्यर्थ नहीं करना चाहिए। पूरा देश जानता है कि वह किस भाषा का प्रयोग करते हैं।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि राहुल गांधी अर्बन नक्सल के सरगना हैं और वह फेक नरेटिव फैलाते रहते हैं। राहुल गांधी ने भारत, भारतवासी और भारत सरकार को बदनाम किया है। वह भारत को विश्व गुरु बनाने से रोकने और देश के विकास में अवरोध पैदा करने वाले अंतरराष्ट्रीय ताकतों की हाथ की कठपुतली हैं।
इसके अलावा, संत समाज ने भी राहुल गांधी के बयान को अमर्यादित बताया है। संत योगानंद गिरि महाराज ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए सार्वजनिक चर्चाओं में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयान से इनके स्तर का पता चलता है। राहुल गांधी के आज तक के सारे बयान बचकाना हैं। कहा गया है कि वाणी ही व्यक्ति का परिचय है। उनकी वाणी से योग्यता का पता चलता है। वह भारत के लिए षड्यंत्र रचने का काम करते रहे हैं। राहुल गांधी को इस तरह के बयान से बचना चाहिए। राहुल गांधी के बयानों की वजह से कांग्रेस आज अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम
