Aapka Rajasthan

पीएम मोदी के पेपर लीक पर फैसले का सुवेंदु अधिकारी ने किया स्वागत, बोले- माफिया पर होगा निर्णायक प्रहार

कोलकाता, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम पेपर लीक माफिया पर निर्णायक प्रहार साबित होगा और लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य की रक्षा करेगा।
 

कोलकाता, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम पेपर लीक माफिया पर निर्णायक प्रहार साबित होगा और लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य की रक्षा करेगा।

सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का फैसला पेपर लीक माफिया को कुचलने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इससे मामलों का त्वरित निपटारा होगा, दोषियों को सख्त सजा मिलेगी और लाखों प्रतिभाशाली छात्रों की मेहनत सुरक्षित रहेगी।

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना अक्षम्य अपराध है। मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति यह सुनिश्चित करेगी कि इस तरह के अपराध में शामिल कोई भी दोषी कानून के शिकंजे से बच न सके।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर छात्रों के हितों को लेकर एक अहम संदेश साझा किया था। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है और यह उसी दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"

प्रधानमंत्री की इस घोषणा के बाद भाजपा नेताओं ने इसे छात्रों के हित में बड़ा फैसला बताते हुए स्वागत किया है। वहीं, पेपर लीक और नीट परीक्षा विवाद को लेकर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन का दौर भी जारी है।

--आईएएनएस

डीएससी